गुजरात में CM के बाद अब डिप्टी CM भी बदलेगा, नितिन पटेल की जगह किन्हें लाएंगे भूपेंद्र पटेल?
अहमदाबाद। गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल होने जा रहा है। राजनीतिज्ञों में ऐसी चर्चा हैं कि, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा की जगह नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के घाटलोदिया निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। उन्होंने बीते सोमवार को गुजरात के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। सूत्रों के मुताबिक, अब भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट में नए चेहरों को जगह मिल सकती है। यानी पहले की विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली सरकार से कुछ प्रमुख नेताओं के बाहर होने की संभावना है।

सत्तारूढ़ दल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नए मुख्यमंत्री के मंत्रिमण्डल में डिप्टी सीएम नितिन पटेल और भूपेंद्रसिंह चुडासमा के अलावा, बाचू खाबाद, वासन अहीर, किशोर कनानी, धर्मेंद्रसिंह जडेजा, विभावरी दवे और कुंवरजी बावलिया जैसे अन्य मंत्रियों को हटाया जा सकता है। वहीं, इनके अलावा गुजरात मंत्रिमंडल में गणपतसिंह वसावा, प्रदीपसिंह जडेजा, जयेश रादडिया, दिलीप ठाकोर, ईश्वर पटेल और आरसी फालदू के कैबिनेट में अपनी सीटें बरकरार रखने की संभावना है।

उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा को बाहर किए जाने की संभावना जताई जा रही हैं। वहीं, इनके स्थान पर नए चेहरों के रूप में किरितसिंह राणा, शशिकांत पंड्या, आत्माराम परमार, गोविंद पटेल, रुशिकेश पटेल, केतन इनामदार और अरविंद रायानी को पद सौंपा जा सकता है। सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में जगह बनाने वालों में कुछ केंद्रीय चेहरे भी हो सकते हैं।

यह बोले थे नितिन पटेल
मौजूदा डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने पिछले दिनों पाटीदार नेता भूपेंद्र पटेल को गुजरात का नया मुख्यमंत्री बनाए जाने पर बधाई दी थी। भूपेंद्र पटेल से नजदीकियों पर बात करते हुए नितिन पटेल ने कहा था, "भूपेंद्र पटेल मेरे पुराने पारिवारिक मित्र हैं। मुझे उन्हें सीएम के रूप में शपथ लेते देखकर खुशी हो रही है। मैंने उन्हें बधाई दी है। जरूरत पड़ने पर उन्होंने मेरा मार्गदर्शन भी मांगा है।" भूपेंद्र पटेल को सीएम बनाने के पार्टी के फैसले पर गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने कहा था कि, इस पर मैं नाराज नहीं हूं। मैं 18 साल की उम्र से बीजेपी में काम कर रहा हूं और आगे भी काम करता रहूंगा। उन्होंने कहा, "मुझे पार्टी में कोई पद मिले या न मिले, मैं पार्टी में काम करता रहूंगा।"












Click it and Unblock the Notifications