गुजरात बीजेपी के विधायक की पुलिस को धमकी, कहा- 'मैं जब चाहूं तब दंगे करवा सकता हूं'
गांधीनगर, अगस्त 23। इन दिनों उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक भाजपा नेताओं के बिगड़े बोल सामने आ रहे हैं। एक तरफ तेलंगाना में बीजेपी विधायक टी राजा सिंह के बयान को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं तो वहीं गुजरात के वलसाड में भी बीजेपी विधायक भरत पटेल ने जहरीले बोल बोले हैं। बीजेपी विधायक ने पुलिसवालों को धमकाते हुए यह कहा है कि मैं चाहूं तो दंगे करवा सकता हूं। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

बीजेपी विधायक ने पुलिसवालों को दी धमकी
आपको बता दें कि यह घटना रविवार की बताई जा रही है। दरअसल, मामला कुछ ऐसा है कि वलसाड के तिथल रोड पर गणेश प्रतिमा को ले जाया जा रहा था। इस जुलूस में बीजेपी विधायक भरत पटेल भी मौजूद थे। जुलूस की वजह से रोड पर ट्रैफिक जाम लग गया था। इसी बात को लेकर भरत पटेल की पुलिस के साथ कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि भरत पटेल ने पुलिस को धमकी भरे शब्दों में कह दिया कि वो जब चाहे तब दंगे करवा सकते हैं।
पुलिस के बड़े अधिकारियों से भिड़े भरत पटेल
आपको बता दें कि अहीर समाज की ओर से गणेश प्रतिमा को ले जाते वक्त रोड पर जाम की समस्या हो गई थी। इसी को लेकर पुलिसवाले प्रतिमा ले जा रहे लोगों को वहां से जाने की कह रहे थे। ट्रैफिक जाम इतना अधिक हो गया था कि पुलिस के कई बड़े अधिकारियों को वहां पहुंचना पड़ा। मामला बढ़ा तो भरत पटेल भी मौके पर पहुंच गए और वो पुलिसवालों से भिड़ गए। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि भरत पटेल ने पुलिसवालों को धमका दिया।
टी राजा सिंह ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिया बयान
भरत पटेल के बयान की दूसरी तरफ तेलंगाना में भी बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी की है। इस मामले में उन्हें पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। उन्हें उनके बयान को लेकर गिरफ्तार भी किया गया था और 14 दिन कस्टडी में भेज दिया गया था, लेकिन कुछ घंटों के बाद ही उन्हें जमानत मिल गई। टी राजा सिंह के बयान को लेकर ना सिर्फ तेलंगाना में बल्कि पूरे देश में बवाल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications