गुजरात के शख्स ने फर्जी पुर्तगाली पासपोर्ट से की 3 देशों की यात्रा, नोटिस के बावजूद करता रहा दुनिया की सैर

गुजरात के रहने वाले एक 32 वर्षीय शख्स को फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर पिछले पांच साल में कथित तौर पर तीन देशों की यात्रा करने के आरोप में मुंबई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान गुजरात के खेड़ा जिले के मूल निवासी मुजीब हुसैन काजी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद मुजीब हुसैन काजी ने पुलिस को बताया कि वह 2010 में एक छात्र वीजा पर यूनाइटेड किंगडम गया था और वीजा समाप्त होने के बाद से वह वहां अवैध रूप से काम कर रहे थे।
सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, '2018 में मुजीब हुसैन काजी पुर्तगाल जाने में कामयाब रहा, जहां उसने एक एजेंट के माध्यम से पासपोर्ट लिया था। इस पासपोर्ट का उपयोग करके, उसने भारतीय प्रवेश वीजा लिया और कम से कम तीन बार देश का दौरा किया और फ्रांस भी गया। मुजीब हुसैन काजी बुधवार को मुंबई आए थे। मुजीब हुसैन काजी पेरिस से दोहा के रास्ते मुंबई आए थे। काजी बुधवार दोपहर 1.45 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरे और उन्हें आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया।''
गिरफ्तारी के बाद काजी ने अपना पुर्तगाली पासपोर्ट जमा किया। इस पासपोर्ट में काजी का फर्जी नाम सुल्तान फकीर मोहम्मद लिखा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सिस्टम में पासपोर्ट नंबर दर्ज करने पर, अधिकारी को पता चला कि पुर्तगाली सरकार द्वारा काजी के खिलाफ एक लुक-आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications