गुजरात का बजट आज: पहली बार में भूपेंद्र पटेल की सरकार क्या-कुछ देगी? इसी साल हैं विधानसभा चुनाव
गांधीनगर। गुजरात सरकार आज अपना बजट पेश करने जा रही है। यहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार है और उनकी अगुवाई में वित्त मंत्री कनू देसाई अपना पहला बजट पेश करेंगे। इस बार बजट का आकार 2.40 लाख करोड़ रुपए के आस-पास रहने की संभावना है। जानकारों के मुताबिक, पटेल सरकार ने राज्य की सत्ता में आने के साथ विभिन्न वर्गों को आकर्षित करने का प्रयास किया है। यही झलक उनके बजट में देखने को भी मिलेगी।

इस साल विधानसभा चुनाव, तो बजट आखिरी
गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं और यह मौजूदा सरकार का आखिरी बजट है, इसलिए सरकार द्वारा इसे लोकप्रिय बनाने के प्रयास किए गए हैं। बताया जा रहा है कि, पेट्रोल-डीजल के वैट में कमी के बाद सरकार के वैट राजस्व में 700 करोड़ रुपए प्रति माह की कमी आई है। वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली जीएसटी में छूट अगले जून से बंद कर दी जाएगी। जिससे सरकारी राजस्व में कमी आना लाजिमी है, मगर बताया जा रहा है कि, स्टैंप ड्यूटी और अन्य राजस्व की भरपाई के प्रयास किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर यह बजट 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का होगा।
'सरकार को बजट का लाइव कवरेज कराना चाहिए'
बजट सत्र की शुरुआत से पहले ही पक्ष-विपक्ष में घमासान मच गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार को बजट का लाइव कवरेज कराना चाहिए। सदन में कांग्रेस के नेता शैलेष परमार ने कहा, गुजरात सरकार को पारदर्शी बजट पेश करने के लिए उसका लाइव मीडिया कवरेज कराना चाहिए. बिजनेस एडवाइजरी कमेटी के साथ बैठक में परमार ने कहा कि, जब राजस्थान और केरल सरकार अपने बजट का लाइव कवरेज करा सकती हैं, तो यह सरकार क्यों ऐसा नहीं करा सकती? हालांकि, भाजपा इसके लिए तैयार नहीं हुई।












Click it and Unblock the Notifications