गुजरात: मोढेरा पहला ऐसा गांव, जो पूरा 24 घंटे सौर ऊर्जा से जगमगाएगा, यहीं है विश्वविख्यात सूर्य मंदिर
मेहसाणा। गुजरात में अहमदाबाद से करीब 80 किलोमीटर दूर मेहसाणा जिले का मोढेरा गुजरात का पहला ऐसा गांव होगा, जो सौर ऊर्जा से जगमगाएगा। यहां 1610 आवास 24 घंटे सौर ऊर्जा वाली बिजली से रोशन रहेंगे। इसे 'सोलर विलेज' (सौर ऊर्जा वाले गांव) का रूप दिया जा रहा है। इसके लिए प्रोजेक्ट पर करीब 69 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह प्रोजेक्ट जननिजीभागीदारी (पीपीपी) मॉडल से निविदा आमंत्रित कर तैयार किया गया है।

मोढेरा विलेज में सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट
राज्य सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक, मोढेरा विलेज में सोलर एनर्जी वाले उक्त प्रोजेक्ट में दक्षिण कोरियाई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि, मौजूदा समय में इस गांव को सिर्फ 10 हजार यूनिट प्रति घंटे बिजली की आवश्यकता होगी। जबकि, सोलर विलेज प्रोजेक्ट से करीब 1.50 लाख यूनिट प्रति घंटे बिजली मिल सकती है। इस गांव के 1610 आवास 24 घंटे सौर ऊर्जा से जगमग होंगे। सोलर प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनी ही यहां 10 वर्षों तक प्रोजेक्ट का रख-रखाव भी करेगी।

271 आवासों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 5 सितम्बर को गांधीनगर में महात्मा मंदिर से इस सोलर विलेज (सौर ऊर्जा वाले गांव) का रिमोट कंट्रोल से लोकार्पण कर सकते हैं।
बता दें कि, यहां 6. मेगावॉट (एमडबल्यू) सोलर पावर प्लान्ट 12 हेक्टेयर में सुजानपुरा गांव में तैयार किया गया है, जो मोढेरा से करीब 3 किलोमीटर दूर है। सोलर प्रोजेक्ट से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि, मोढेरा गांव में रात के समय बिजली आपूर्ति करने के लिए बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम लगाया गया है। साथ ही मोढेरा गांव के करीब 271 आवासों में रूफटॉप सोलर सिस्टम भी लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, रूपटॉप प्लान्ट्स के जरिए उत्पन्न बिजली पावरग्रिड से आपूर्ति की जाएगी।

इसी गांव में हैं विश्वप्रसिद्ध मोढेरा मंदिर
मोढेरा की अहमियत यहां के सूर्य मंदिर से है। ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार, यह मंदिर सोलंकी शासनकाल में बनवाया गया था, जो भगवान सूर्य को समर्पित है। इसके चलते ही इस गांव का विशेष महत्व है। मेहसाणा जिला कलक्टर कार्यालय के एक अधिकारी बताते हैं कि, सूर्य को आदर्श मानकर ही यहां सौर उूर्जा पर जोर दिया गया है। फिलहाल कुछ घरों और सरकारी कार्यालयों को सौर ऊर्जा से बिजली आपूर्ति हो रही है। 5 सितम्बर को प्रोजेक्ट का लोकार्पण होगा।












Click it and Unblock the Notifications