गुजरात: BJP विधायक ने पत्रकार को धमकाया- और सवाल पूछा तो पीटूंगा, यहीं पर निपटा दूंगा
वडोदरा। पत्रकारों को धमकियां देकर कई सालों से विवादों में रहे भाजपा के विधायक मधु श्रीवास्तव अब एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। उन्होंने फिर एक मीडियाकर्मी को धमकाया है। मीडियाकर्मी उनसे गुजरात में होने वाले नगर निगम चुनाव से संबंधित सवाल कर रहा था। मधु श्रीवास्तव का बेटा नगर निगम चुनाव में खड़ा हुआ है। ऐसे में जब मीडियाकर्मी ने पूछा कि, आपके बेटे की तो 3 संतानें हैं तो वह नगर निकाय का चुनाव कैसे लड़ सकते हैं? ऐसे में निकाय चुनाव में उनका नामांकन रद्द होना चाहिए।'
मीडियाकर्मी से यह सवाल सुनते ही भाजपा विधायक झल्ला उठे और लाइव कैमरे पर धमकी देते हुए बोले कि, 'एक और सवाल पूछा तो पहले पीटूँगा फिर तुझे यहीं पर निपटा दूंगा!' उन्होंने आगे कहा, 'मैं तुम्हारे खिलाफ केस करूंगा। और रही बात नामांकन रद्द करने की तो वो चुनाव अधिकारियों का काम है।'

ऐसा पहली बार नहीं हुआ, जब मधु श्रीवास्तव ने इस तरह की धमकी दी हो। वह लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसे बयान दे चुके हैं। हालांकि, वह लगातार जीतते आ रहे हैं। वह 6 चुनाव जीत चुके हैं। उनका विधानसभा क्षेत्र वडोदरा है। बहरहाल, आने वाले कुछ दिनों में नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग होनी है और विधायक के बेटे दीपक श्रीवास्तव चुनाव लड़ रहे हैं।
'मुझ पर केस करने वाला अभी पैदा नहीं हुआ
इससे पहले मधु श्रीवास्तव ने कोरोना बीमारी से ठीक होने के बाद वडोदरा के गाजरावाडी हनुमान मंदिर में समर्थकों के साथ डांस किया था। इस दौरान उसने मास्क भी नहीं पहना और सोशल डिस्टेंसिंग का भी सरेआम उल्लंघन किया था। जिससे मधु श्रीवास्तव पर सवाल उठने लगे। इसी के चलते मीडिया से बातचीत में मधु श्रीवास्तव ने कहा कि, सनातन धर्म में ऐसा कहां लिखा है कि अपने ही मंदिर के अंदर मुंह बांधकर पूजा की जाए? कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। वहीं, गिरफ्तारी की बात पर विधायक ने किसी अधिकारी की पिटाई करने तक की बात कह दी। बोले कि, 'मैंने किसी अधिकारी की पिटाई की है तो की है, लेकिन मुझ पर केस करने वाले ने अभी तक जन्म नहीं लिया।'












Click it and Unblock the Notifications