गुजरात ATS ने दो हैकर्स को किया गिरफ्तार, 50 भारतीय वेबसाइट्स हैक कर Telegram चैनल AnonSec पर दे रहे थे सबूत
Gujarat ATS: गुजरात एटीएस (Anti-Terrorism Squad) ने 50 से ज्यादा भारतीय वेबसाइटों को हैक कर उन पर देशविरोधी संदेश पोस्ट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गुजरात के नडियाद का रहने वाला जसीम शहनवाज़ अंसारी और एक नाबालिग लड़का शामिल है। दोनों अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर वेबसाइट हैक करते थे और फिर उसका सबूत Telegram चैनल पर साझा करते थे।
इस कार्रवाई के पीछे #OperationSindoor के तहत मिली खुफिया जानकारी का अहम योगदान रहा। एटीएस के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) सुनील जोशी ने बताया, "हमें लगातार इनपुट मिलते रहते हैं कि कुछ हैकर्स भारतीय वेबसाइटों पर हमला कर रहे हैं। हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कई ऐसे ही संकेत मिले कि राष्ट्रविरोधी तत्व भारतीय वेबसाइटों को निशाना बना रहे हैं।"

गुजरात एटीएस के इंस्पेक्टर ध्रुव प्रजापति को जानकारी मिली कि नडियाद निवासी जसीम और एक नाबालिग लड़का मिलकर 'AnonSec' नामक टेलीग्राम चैनल चला रहे हैं, जहां वे हैक की गई वेबसाइटों के सबूत साझा करते हैं। इसके बाद एटीएस की एक टीम बनाई गई और जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पहले 'EXPLOITXSEC' नाम से एक टेलीग्राम चैनल बनाया था और 'ELITEXPLOIT' नाम से उसका बैकअप चैनल भी तैयार किया था। बाद में इन्हें मिलाकर 'AnonSec' नाम रख दिया गया। बैकअप चैनल इसलिए बनाया गया था ताकि मुख्य चैनल बंद हो जाने की स्थिति में वे अपनी गतिविधियाँ जारी रख सकें।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर में भारत का रोज़ाना खर्च कितना था? पाकिस्तान को सबक सिखाने की कीमत चौंकाने वाली!
एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) को भेजे गए मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि दोनों आरोपी भले ही कक्षा 12 में फेल हो गए थे, लेकिन पिछले 6-8 महीनों में साइबर गतिविधियों में काफी माहिर हो चुके थे। वे नियमित रूप से देशविरोधी संदेश भी पोस्ट करते थे। गुजरात एटीएस ने उनके खिलाफ आईटी एक्ट, 2000 की धारा 43 और 66F के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- Asim Munir को भारत के हाथों करारी शिकस्त के बाद मिला प्रमोशन, सैन्य तानाशाही का इतिहास दोहराएगा पाकिस्तान?












Click it and Unblock the Notifications