क्या है 'आप' का 'OTP'?, केजरीवाल को भरोसा- इससे मिलेगी गुजरात की गद्दी
aam aadmi party gujarat election: गुजरात चुनाव में एंट्री कर आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। दिल्ली और पंजाब की तरह 'आप' गुजरात में भी मुफ्त बिजली-पानी से जुड़े अनेक वादे किए हैं। वह ऐसे वादों से जनता को लुभाने की भरसक कोशिश कर रही है। इसके साथ ही 'आप' 'ओटीपी' फॉर्मूले के जरिए वोट बैंक साधने का प्रयास कर रही है। 'ओटीपी' सुनकर आप चौंक गए होंगे न? यहां किस 'ओटीपी' की बात हो रही है? आइए, केजरीवाल से ही जान लेते हैं....

आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने अभी एक टीवी शो में 'ओटीपी' फॉर्मूले (OTP) का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कैसे उनकी पार्टी अपना जनाधार बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि, 'OTP' में O का मतबल ओबीसी, T का मतबल ट्राइबल और P का मतबल पटेल से है। केजरीवाल बोले- हमें सभी का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है।
शनिवार को केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भाजपा का शासन 27 साल से है, बावजूद इसके ढंग से विकासकार्य नहीं हुए। यहां जनता महंगाई और भ्रष्टाचर से परेशान है। मैं कहता हूं कि यदि गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनी तो हम जनता को इन समस्याओं से निजात दिलाएंगे। हम हर वर्ग के लिए काम करेंगे और सबकी बिजली-पानी मुफ्त होगी। केजरीवाल ने कहा कि, सूबे में सबका अच्छा इलाज होगा और सब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी।

'हार की भविष्यवाणी करने वाले सर्वे सही नहीं'
आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो ने दावा किया कि गुजरात चुनाव में 'आम आदमी पार्टी' की हार की भविष्यवाणी करने वाले सर्वे सही नहीं हैं, क्योंकि इस तरह के सर्वे के माध्यम से कोई भी नई पार्टी के प्रदर्शन की भविष्यवाणी नहीं कर सकता है।'

इसुदान गढ़वी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने पूर्व टीवी एंकर और पत्रकार इसुदान गढ़वी को गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। इस बारे में बताते हुए केजरीवाल ने खुद कहा कि 40 वर्षीय गढ़वी को पार्टी द्वारा कराए गए एक सर्वे में 73% वोट मिले हैं। गढ़वी गुजरात के द्वारका जिले के पिपलिया गांव के एक किसान परिवार से आते हैं और अन्य पिछड़ी जातियों से ताल्लुक रखते हैं, जो गुजरात की कुल आबादी का 48% हिस्सा हैं।

विधानसभा चुनाव: 2 फेज में वोटिंग होगी
बता दें कि, कल गुजरात में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा के लिए 2 फेज में वोटिंग होगी। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले फेज में 89 सीटों पर 01 दिसंबर को मतदान होगा तथा शेष 93 सीटों पर 05 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, मतगणना 08 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications