गुजरात में PM मोदी करेंगे 5 दिनों में एक दर्जन से ज्यादा जनसभाएं, जानिए क्या है प्लान
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां करेंगे। सत्तारूढ़ भाजपा ने उनके लिए इस महीने से चुनावों तक जनसभाओं का शेड्यूल तैयार किया है। सितंबर-अक्टूबर में मोदी 5 दिनों में एक दर्जन से ज्यादा जनसभाएं करेंगे। भाजपाइयों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 और 30 सितंबर को गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। बताया गया है कि, नवरात्र शुरू होते ही पीएम मोदी का गुजरात दौरा शुरू हो जाएगा।

मोदी अहमदाबाद और अंबाजी में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी सूरत और भावनगर जाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे व कई को अंतिम रूप भी देंगे। इसी महीने 30 तारीख को प्रधानमंत्री अहमदाबाद और अंबाजी में कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरे के दौरान अहमदाबाद में कई परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा, जबकि अंबाजी के विकास कार्यों और तीर्थयात्रियों के लिए डिजाइन की गई नई सुविधाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

5 दिनों में 12 से ज्यादा जनसभाओं को संबोधित करेंगे
एक भाजपाई ने बताया कि, पीएम मोदी 5 दिनों में 12 से ज्यादा जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसमें पीएम मोदी 10 अक्टूबर को जामनगर और भरूच का दौरा करेंगे। इसके बाद 11 अक्टूबर को राजकोट के जामकंडोराना की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि, अब सभी प्रमुख पार्टियों ने अपनी-अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में हर पार्टी के प्रमुख गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं।

सूरत, भावनगर, अहमदाबाद और अंबाजी आ रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिनों में गुजरात आ चुके हैं और उनका गुजरात आगमन का कार्यक्रम बढ़ता ही जा रहा है। वो इस महीने एक बार फिर गुजरात आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को मिली जानकारी के अनुसार नवरात्र शुरू होते ही पीएम मोदी 29, 30 सितंबर को गुजरात में होंगे। उसके बाद वह 9 से 11 अक्टूबर को गुजरात आएंगे। 29-30 सितंबर को वह सूरत, भावनगर, अहमदाबाद और अंबाजी की यात्रा करेंगे और 9 अक्टूबर को मोडासा की संभावित यात्रा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications