Gujarat: अंडरपास को पार करते समय नवसारी में डूब गई कार, फिर कुछ इस तरह लोगों को निकाला गया बाहर
Navsari Weather News: गुजरात के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुजरात के कई जिलों में 2 जुलाई तक भारी बारिश होने के आसार जताए है। तो वहीं, भारी बारिश के कारण दक्षिणी गुजरात के वलसाड, सूरत, नवसारी और तापी जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सड़कों पर नालियों का पानी आ जाने से लोगों को यातायात में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारी बारिश के कारण गुजरात में बाढ़ के हालात उत्पन्न हो गए हैं। इस बीच समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक कार अंडरपास को पार करने की कोशिश में डूब गई।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नवसारी के मंदिर गाम में स्थित एक अंडरपास में पानी भरा हुआ था। तभी एक कार आई और अंडरपास को पार करने की कोशिश करने लगी। इस दौरान कार अंडरपास से निकलने की बजाए पानी के बीच फंस गई और डूब गई। आसपास के लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो अग्निशमन विभाग को जानकारी दी।
इतना ही नहीं, उन्होंने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तो वहीं, सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर कार में सवार चार लोग को बाहर निकाला। बता दें, चारों फिलहाल सुरक्षित हैं।
एएनआई द्वारा जारी वीडियो के मुताबिक, अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर कार को भी अंडरपास से बाहर निकाल लिया। कार को अंडरपास से बाहर निकलाने के लिए कर्मचारियों ने ट्रक की मदद ली। हालांकि, यह लोग कहा जा रहे थे और कहां से आए थे इसकी जानकारी खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आई है।
बता दें कि गुरुवार 29 जून को अहमदाबाद शहर की कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामने करना पड़ा। इस बीच मौसम विभाग ने दिन के दौरान जारी अपने पूर्वामुमान में गुरुवार को दक्षिण गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई थी।
उन्होंने गुजरात के उत्तर, मध्य और सौराष्ट्र के कुछ स्थानों के अलावा वडोदरा, अमरेली और जूनागढ़ जिले में भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी। खबर के मुताबिक, शुक्रवार को भी गुजरात के नवसारी, वलसाड, दाहोद, साबरकांठा, महिसागर, वडोदरा, तापी, भरूच और जूनागढ़ जिले में भारी बारिश होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications