शिक्षक ने बेरोजगार युवक को अपनी जगह पढ़ाने स्कूल भेजा, कहा- 5 हजार दे दिया करूंगा; सस्पेंड
महेसाणा. गुजरात में महेसाणा जिले की सतलासण तहसील के नवा फतेहपुरा गढ़ के प्राइमरी स्कूल के एक शिक्षक को खुद ड्यूटी न करना महंगा पड़ गया। उसने एक बेरोजगार युवक को अपनी जगह 5 हजार रुपए प्रतिमाह की पगार पर रख लिया और खुद घर पर रहने लगा। युवक स्कूल आता था और महीने में उसे अपनी ड्यूटी की कीमत मिल जाती थी। गांववालों ने शिक्षक की शिकायत प्रशासन से कर दी।
Recommended Video

जिसके बाद जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी स्मिता पटेल ने शिक्षक को निलंबित कर दिया। इसके अलावा, स्कूल में अनुपस्थित रहने के मामले में भी एक शिक्षक को निलंबित किया गया है। जानकारी के अनुसार, नवा फतेहपुरा गढ़ के प्राथमिक स्कूल के शिक्षक ठाकोर खेंगारजी पर तहसील के ही एक बेरोजगार युवक जगदीश मोहन को 5 हजार रुपए में पढ़ाने का ठेका देने का आरोप है। गांववालों का कहना है कि, शिक्षक ने अपनी जगह स्कूल में पढ़ाने के लिए बेरोजगार युवक को 5 हजार रुपए महीना वेतन देने का कहा था।
एक अभिभावक ने कहा, ''हमारे यहां प्राथमिक पाठशाला के एक शिक्षक की ओर से एक युवक को अपने स्थान पर 5 हजार रुपए प्रतिमाह चुकाने का वादा किया गया। वह युवक बेरोजगार था। वह ही बच्चों को पढ़ाने आने लगा।' इसके अलावा, एक अन्य शिक्षक पटेल भरत पर दो साल से कक्षा में अनुपस्थित रहने के आरोप लगे। उप जिला शिक्षा अधिकारी ने उसके खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है। जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी स्मिता पटेल ने दोनों शिक्षकों को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications