गुजरात: छापा मारने गए GST के 4 अधिकारियों को हुआ कोरोना, 50 सहकर्मी भी क्वारंटाइन करने पड़े
अहमदाबाद। गुजरात में अब जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) के अधिकारी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। यहां जीएसटी के चार अधिकारी लॉकडाउन के दौरान तम्बाकू के व्यापारियों के यहां छापा मारने गए थे, तभी संक्रमित हो गए। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उनकी टीम में शामिल रहे 50 सहकर्मियों को भी होम क्वारंटाइन होना पड़ गया है।

जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग ने लॉकडाउन के दरम्यान कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी करने की योजना बनाई थी। जगह-जगह से शिकायतें मिलने पर विभाग के अधिकारी सक्रियता दिखाते हुए पूरे राज्य में एक साथ छापा मारने लगे। कोरोना लॉकडाउन फेज 4 खत्म होने के बाद अनलॉक-1 शुरू होते ही कई व्यापारियों के यहां एक साथ छापे मारे गए।
बताया जा रहा है कि, विभाग की कार्रवाई में 14 जगह छापे मारे गए थे। उसी दौरान अधिकारी वायरस की चपेट में आ गए। इन अधिकारियों की टीम में कोरोना से संक्रमण के कारण जीएसटी की अन्य कार्रवाई भी अब बाधित हो गई हैं। एक साथ कई कर्मचारियों को साथ लेकर एक साथ छापे की कार्रवाई से कर्मचारियों में रोष है। कई कर्मचारी अपने आलाधिकारियों को दोष दे रहे है।
सभी कार्यालय बंद कर उन्हें सैनिटाइज किया जा रहा है।
सुविधा: अब एसएमएस के जरिए दाखिल कर सकते हैं जीएसटी रिटर्न
वहीं, जीएसटी के हेडक्वार्टर से खबर आई है कि, हर महीने निल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) रिटर्न दाखिल करने वाले कारोबारियों को बड़ी राहत दी गई है। अब कारोबारी एक एसएमएस के माध्यम से निल जीएसटी मासिक रिटर्न जीएसटीआर-3बी को दाखिल कर सकते हैं। यह नई सेवा सोमवार से प्रभावी कर दी गई है। इसका करीब 22 लाख कारोबारियों को फायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications