देश में सबसे पहले गुजरात की सड़कों पर दौड़ेगी हाइड्रोजन संचालित बस, प्रॉडक्शन प्लांट भी लगेगा
वडोदरा। हाइड्रोजन गैस से संचालित बस देश में सबसे पहले गुजरात की सड़कों पर दौड़ेगी। ऐसा यहां वडोदरा रिफाइनरी में शुरू होने वाले हाइड्रोजन के उत्पादन की बदौलत होगा। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) और राज्य सरकार के बीच वडोदरा में छह नए प्रोजेक्ट स्थापित किए जाने को लेकर एमओयू हुआ है, जिसके तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन 24 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर प्रोजेक्ट पूरे करेगी। जो हाइड्रोजन का उत्पादन होगा, उससे बसें भी संचालित हो सकेंगी।

अब हाइड्रोजन से संचालित बसें भी चलेंगी
इस बारे में केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बताया कि, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में सोमवार को गांधीनगर में एमओयू हुआ था। जहां तय हुआ कि, देश में सबसे पहले वडोदरा रिफाइनरी में हाइड्रोजन का उत्पादन होगा। साथ ही गुजरात राज्य सडक़ परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) और आईओसीएल के संयुक्त प्रयासों से हाइड्रोजन से संचालित बस को शुरू किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, ये बसें विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केवडिया, वडोदरा, गांधीनगर, अहमदाबाद और गांधीधाम में दौड़ती नजर आएंगी।
इनकी मौजूदगी में हुआ था एमओयू
राज्य सरकार व केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के बीच एमओयू के लिए कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के मुख्य सचिव अनिल मुकीम, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के. कैलानाशनाथन, उद्योग आयुक्त राहुल गुप्ता, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के निदेशक परिन्दु भगत, इंडेक्स -बी की प्रबंध निदेशक निदेशक नीलम रानी आदि भी थे।

गुजरात में प्राकृतिक गैस का औसत ज्यादा
मंत्री ने बताया कि, भारत में अभी 6% प्राकृतिक गैस का उपयोग होता है। इसका वैश्विक औसत करीब 24 फीसदी है, जबकि गुजरात का औसत वैश्विक औसत से भी 2 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, दुनिया में जो देश सबसे ज्यादा प्राकृतिक गैस उत्पादन करता है, वह रूस है। रूस से चीन में लाखों मीट्रिक टन गैस सप्लाई होती है। कोरोना के दिनों भारत में आॅक्सीजन का उत्पादन बढ़ा है।












Click it and Unblock the Notifications