गुजरात में जहरीली शराब से 29 मौतें: केजरीवाल ने उठाए सवाल- 'बैन है तो यहां कैसे बिकी?'
अहमदाबाद। गुजरात के बोटाड ज़िले में ज़हरीली शराब पीने से 29 लोगों की जान चली गई, वहीं 40 से ज़्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। गुजरात में हालांकि शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद यहां नकली जहरीली शराब बेचे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। आज की दुखद घटना पर विपक्षी दल सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। गुजरात आए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इन अकाल मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए बयान दिया।
Recommended Video

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज कहा, "मुझे अभी पता चला है कि एक बहुत ही दुखद घटना हुई है- यहां 25 से अधिक लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हो गई है और कई अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि, सवाल यह है कि अगर गुजरात ड्राई स्टेट है तो यहां खुलेआम शराब कैसे बिक रही है और इससे किसे फायदा हो रहा है? गुजरात में यह पहली बार नहीं है। सरकार इस पर ध्यान क्यों नहीं दे रही है या इसके पीछे कोई साजिश है?'

केजरीवाल के अलावा उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी ने भी इस घटना को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी इसे दिल्ली सरकारी की शराब बेचने की नीतियों पर उठ रहे सवाल से भी जोड़ रही है। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरक्ष भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, वहां (गुजरात में) नेताओं के संरक्षण में शराब का नेटवर्क चल रहा है।
उन्होंने कहा, "गुजरात ड्राई स्टेट हैं फिर भी पिछले 15 सालों में 845 से ज़्यादा लोग ज़हरीली शराब पीकर मर गए। इतना बड़ा संगठित नेटवर्क किन राजनेताओं के संरक्षण में चल रहा है? उन्होंने कहा, " कुछ लोग चाहते हैं गुजरात की तरह दिल्ली में भी नक़ली और ज़हरीली शराब का कारोबार चले। जब से दिल्ली सरकार नई एक्सआइज़ पॉलिसी लाई है, ये लोग बहुत परेशान हैं।"

आप के प्रवक्ता आगे बोले कि, 'ये वैध दुकानें हटाकर वही पुराना धंधा शुरू करना चाहते हैं। दिल्ली में 468 शराब की दुकाने हैं, ये पहले से कम हैं। फिर भी दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के ख़िलाफ़ सवाल उठाए जा रहे हैं।'
सियासत के जानकार मान रहे हैं कि, गुजरात की इस घटना ने केजरीवाल को यह अवसर उपलब्ध करा दिया है कि वह अपनी एक्साइज पॉलिसी को सही ठहरा सकें। अब दिल्ली सरकार यह कह सकेगी कि नकली शराब पीकर लोगों के मरने से यह बेहतर है कि लोगों को सही गुणवत्ता की शराब उचित कीमत पर मिल सके, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। गुजरात के मामले में ध्यान देने वाली बात यह है कि, इस घटना पर अरविंद केजरीवाल तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने नकली शराब पीने से हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे भावनगर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। जबकि, इसी घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
घटना पर गुजरात सरकार ने तेजी से कार्रवाई कराई है। शाम को पुलिस ने बताया कि, मुख्य आरोपी समेत 14 अरेस्ट कर लिए गए हैं। वहीं, सरकार की ओर से आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) को मामलों की जांच करने के लिए कहा गया है और एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications