Cyclone Biparjoy: लोगों के साथ प्रशासन ने रखा जानवरों का भी ख्याल, बोले स्वास्थ्य मंत्री-'एक पशु नहीं मरा'
Cyclone Biparjoy Updates: अरब सागर में पिछले दस दिनों से बने हुए चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' ने गुरुवार को गुजरात तट पर जमकर अपना रौद्र रूप दिखाया है। हालांकि मौसम विभाग के अलर्ट की वजह से राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे इसकी वजह से राज्य में तूफान से उतना नुकसान नहीं हुआ, जितने इस भयंकर चक्रवात के कारण हो सकता था।

पिछले चार-पांच दिनों से प्रशासन लोगों की रक्षा में जुटा हुआ था और यही नहीं प्रशासन के कारण लाखों मनुष्यों की जान तो बची ही है साथ ही हजारों की संख्या में जानवर भी सुरक्षित रह गए।
जानवरों की सुरक्षा का समुचित प्रबंध किया
मालूम हो कि कच्छ और द्वारका के तटीय इलाकों से जब लोगों को शेल्टर होम ले जाया जा रहा था, तब कुछ गांव वाले अपने जानवरों को छोड़कर जाने के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए प्रशासन ने जानवरों की सुरक्षा का भी समुचित प्रबंध किया था और उन्हें बड़े बाड़े में रखा गया था।
बकरियों को बचाते हुए पिता-पुत्र की मौत
आपको बता दे कि हालात के बारे में जानकारी देते हुए NDRF के अधिकारी ने कहा कि 'इस तूफान के कारण गुजरात में चक्रवात के कारण 23 लोग घायल हुए और 24 पशुओं की मौत हो गई। चक्रवात के आने से पहले दो लोगों की जान चली गई थी। उन्होंने बताया कि भावनगर में बकरियों को बचाते हुए पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।'
किसी पशु की भी मृत्यु नहीं हुई: स्वास्थ्य मंत्री
हालांकि जहां NDRF ने ये बयान दिया वहीं दूसरी ओर आज सुबह गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि 'हमें अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। किसी पशु की भी मृत्यु नहीं हुई है, आज भी राज्य में दिन भर भारी बारिश हो सकती है और शाम को तूफान राजस्थान की ओर रूख करेगा।'
अब तूफान नॉर्थ-ईस्ट दिशा में मूव कर रहा
मालूम हो कि ताजा स्थिति की बात करें तो IMD महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया है कि 'अब तूफान नॉर्थ-ईस्ट दिशा में मूव कर रहा लेकिन थोड़ा सा कमजोर हुआ है। शाम तक यह तूफान कमजोर होकर एक गहरे दबाव में परिवर्तित हो जाएगा। फिलहाल इस पर हमारी नजर बनी हुई है।'
भारी बारिश का अलर्ट जारी
'अब ये राजस्थान की ओर मूव कर रहा है और वहां पर भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। तो वहीं पीएम मोदी ने तूफान के बारे में सीएम पटेल से फोन पर बात की है और गिर वन में शेरों समेत जंगली जानवरों की सुरक्षा व्यवस्था के बारे जायजा लिया है।'












Click it and Unblock the Notifications