गुजरात: अहमदाबाद-सूरत दोनों शहरों में अब कोरोना के 40-40 हजार से ज्यादा मामले, जानिए यहां सभी जिलों का हाल
अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1,98,899 पहुंच गया है। 24 घंटों के दरम्यान यहां 1,487 नए मरीज मिले। यह संख्या दिवाली के पर्व के बाद बढ़ी है। वहीं, यहां के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा। अहमदाबाद और सूरत दोनों शहरों में अब तक कोरोना के 40-40 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। सक्रिय मरीजों की बात की जाए तो अहमदाबाद में आंकड़ा 3,340 है, वहीं, सूरत में 1,524 सक्रिय मरीज हैं।

गुजरात के किस जिले में कितने मामले?
राज्य के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में कोरोना के कुल मामले 47,653 हो गए हैं। वहीं, सूरत में यह संख्या 41,673 है। इसके अलावा वडोदरा और राजकोट में क्रमश: 18,865 और 15,447 मरीज हैं। इन चारों शहरों में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख से ज्यादा है। भावनगर व मेहसाणा में पांच हजार से ज्यादा मामले हैं। 3 से चार हजार के बीच संक्रमित मरीजों के मामले बनासकांठा, पाटण, भरूच, पंचमहाल, अमरेली व कच्छ जिले में हैं। सुरेन्द्रनगर, मोरबी, दाहोद, साबरकांठा, गिर सोमनाथ जिले में 2-3 हजार के बीच संक्रमण के मामले हैं।

डांग में अब तक नहीं गई किसी की जान
कोरोना के बारे में अन्य जिलों की बात की जाए तो वलसाड, नवसारी, महिसागर, नर्मदा, आणंद व खेड़ा जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1 से 2 हजार के बीच है। एक हजार से कम मामलों में राज्य के 7 जिले हैं। इनमें अरवल्ली, तापी, बोटाद, देवभूमि द्वारका, छोटा उदयपुर और पोरबंदर जिले हैं। डांग में पिछले 8 महीने में अब तक सिर्फ 123 संक्रमित मरीज पाए गए हैं। राहत की एक बात यह भी है कि इस जिले में अभी तक कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है। गुजरात में कोरोना का पहला मरीज 19 मार्च को राजकोट और फिर उसी दिन सूरत में पाया गया था।

राज्यभर में अब तक कोरोना से 3,876 मौतें
गुजरात में कोरोना की वजह से अब तक 1,952 लोग दम तोड़ चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1,981 कोरोना मरीजों की मौत अहमदाबाद शहर में हुई। वहीं, यहां अब संक्रमण के नए मामले बढ़ते देख राज्य सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि, अहमदाबाद शहर में शुक्रवार रात 9 बजे से लेकर सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू की घोषणा की गई है। मालूम हो कि, दिवाली के बाद से यहां संक्रमण और तेजी से फैल रहा है। कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications