गुजरात में कोरोना ने तोड़े अब तक के सारे रिकॉर्ड, 80 हजार जा पहुंची मरीजों की संख्या
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में कोरोना महामारी के संक्रमण की रफ्तार ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पहली बार यहां एक दिन के भीतर 17,119 मामले सामने आए हैं। जिससे सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 80 हजार हो गई है। कल राज्यभर में 10 मरीजों ने प्राण त्याग दिए। जिनमें सबसे ज्यादा 5 मौतें सूरत में हुईं। 3 अहमदाबाद में हुईं, जबकि भावनगर और वलसाड में एक-एक मौत दर्ज की गई। नए मरीजों के मुकाबले 7,883 मरीजों को कल डिस्चार्ज किया गया।

एक दिन में सामने आए 17 हजार से ज्यादा नए केस
गौरतलब हो कि, कोरोना की पहली लहर में गुजरात में 27 नवंबर 2020 को सबसे ज्यादा 1607 मामले दर्ज हुए थे, जबकि दूसरी लहर में 30 अप्रैल 2021 को 14,605 मामले सामने आए थे। वहीं, बीते रोज 17,119 मामले दर्ज किए गए। जिसमें से सबसे ज्यादा 6078 मरीज अहमदाबाद में मिले, जबकि 3986 सूरत में मिले। इसके अलावा इस राज्य में अब तक 9 लाख 56 हजार 112 संक्रमित मिले हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या 10 हजार 174 हो गई है। अब तक 8 लाख 66 हजार 338 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं, जबकि सक्रिय मरीज 80,000 बताए जा रहे हैं। वेंटिलेटर पर अब 100 से ज्यादा मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसे चिंताजनक माना है।

अहमदाबाद में अभी नहीं आया तीसरी लहर का पीक
एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कोरोना की तीसरी लहर का पीक बेहद करीब है। मुंबई के बाद दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरू में भी पीक आ चुका है। अहमदाबाद को छोड़ देश के प्रमुख महानगरों में कोरोना के नए मरीज घटने शुरू हो चुके हैं। मगर..अहमदाबाद ऐसा है, जहां अभी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications