गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा 3 हजार पार, यहां अकेले अहमदाबाद से 2 हजार कोरोना मरीज
अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3000 के पार चली गई है। कुल मरीजों में से 282 ठीक हुए हैं। इसके अलावा यहां 134 लोगों की जान भी चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि, विगत दिवस 256 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई और 6 की मौत हुई। जिनमें में से 3 की मौत अहमदाबाद में और बाकी 3 लोगों की मौत अन्य जिलों में हुई। जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से 182 अहमदाबाद में, 4 गांधीनगर में, 5 भावनगर में, 2 छोटाउदेपुर में एवं शेष नए कोरोना मरीज अन्य जिलों से हैं।

राज्य के कुल मरीजों के आधे से ज्यादा अहमदाबाद से
शनिवार रात तक गुजरात में कोरोना वायरस के 3071 मामले दर्ज हुए। जिनमें से 2003 मामले अकेले अहमदाबाद से हैं। यह शहर गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। इस एक शहर में ही 86 जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं। सक्रिय मरीजों की तादाद 1600 से ज्यादा है। इतना ही नहीं, यहां राज्य के कुल मरीजों के आधे से भी ज्यादा मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

इस जिले में हर 8 मिनट पर मिल रहा एक नया मरीज
अहमदाबाद में अब प्रति 8 मिनट पर कोरोना का नया मामला सामने आ रहा है। यह शहर देश के उन टॉप-5 शहरों में से एक है, जहां कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हुईं हैं। मरीजों की संख्या के मामले में यह गुजरात में ही पहला नहीं, अपितु देश में भी दूसरे नंबर पर खड़ा है।

गुरुवार को इस शहर में 18 मरीजों को ठीक किया गया
अहमदाबाद शहर के सिविल अस्पताल की ओर से बताया गया कि, गुरुवार को इस अस्पताल के 18 लोगों को छुट्टी दे दी गई। जबकि, महानगरपालिका संचालित सरदार वल्लभभाई पटेल (एसवीपी) अस्पताल से 11 को छुट्टी दी गई। शहर में इस वायरस से संक्रमित हुए काफी लोग ठीक भी हो रहे हैं। गुरुवार तक शहर के अस्पतालों से 101 लोग कोरोना वायरस को मात देकर अपने घरों पर पहुंच गए।

यहां हर 4 दिन में दोगुना हो रहे कोविड—19 के केस
निगम आयुक्त (म्युनिसिपल कमिश्नर) विजय नेहरा ने एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया। नेहरा ने कहा कि, अहमदाबाद में हर 4 दिन में कोरोना वायरस के मामले दोगुने होते जा रहे हैं। यदि ऐसे ही चलता रहा तो मई महीने के अंत तक मरीजों की संख्या 8 लाख तक पहुंच जाएगी।

इस शहर में टेस्टिंग का औसत भी अन्य राज्यों से ज्यादा
नेहरा ने यह भी दावा किया कि, शहर में प्रति मिलियन सर्वाधिक 2,600 टेस्टिंग की जा रही है। जबकि, दिल्ली और महाराष्ट्र में प्रति मिलियन क्रमश: 1,318 और 679 टेस्टिंग हो रही है।
गुजरात: कोरोना फ्री हुई राजधानी में फिर नया मरीज मिला, अब तक 134 मौतें, जानिए सभी जिलों का हाल












Click it and Unblock the Notifications