कोरोना से गुजरात में चली गई 1 हजार से ज्यादा लोगों की जान, 6119 का चल रहा इलाज
गांधीनगर। गुजरात में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1 हजार पार चला गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक 1007 संक्रमितों की जान जा चुकी है। यहां कोविड-19 वायरस की चपेट में आने से 22 मार्च को पहली मौत दर्ज की गई थी। उसके बाद मार्च-अप्रैल महीने में भी 500 का आंकड़ा नहीं पहुंचा था, ज्यादातर मौतें मई के महीने में ही हुईं। दंगों और भूकंप को छोड़ दिया जाए तो संभवत: गुजरात में पहली बार किसी बीमारी ने मात्र 70 दिन में इतनी जानें ले ली हैं।

मई महीने के मध्य से राज्य में रोज 20 से 30 लोगों की मौतों के आंकड़े जुड़े। स्वास्थ्य विभाग के रूटीन अपडेट्स में बताया गया कि, विगत 24 घंटों के दरम्यान गुजरात में महामारी से 27 और लोगों की मौत हो गई। इतना ही नहीं, राज्य में एक ही दिन के भीतर कोरोना के संक्रमण के 412 नए मामले भी दर्ज हुए हैं। जिसके चलते संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 16,356 हो गई।
विभाग ने बताया कि, एक दिन में 621 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। राज्य में कोविड-19 के कुल 9,230 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। उनमें से ज्यादातर को घर भी भेजा जा चुका है। बहरहाल सक्रिय मामलों की संख्या 6,119 है। साथ ही राज्य में अब तक 2,05,780 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं।

अकेले अहमदाबाद में 11 हजार से ज्यादा संक्रमित
यहां अकेले अहमदाबाद में कोरोना के 11 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। संक्रमितों के 284 नए मामले सामने आने के बाद मामलों की संख्या बढ़कर 11,881 हो गई। जबकि, इससे पहले शनिवार को यहां 24 लोगों की जान गई थी। अब तक 822 लोग जान गंवा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications