'लग रहा शेर भी लॉन्ग वीकेंड एन्जॉय करने निकला है', जूनागढ़ में समुद्र किनारे दिखा जंगल का राजा, फोटो वायरल
हाल ही में गुजरात के समुद्र तट पर एक हैरान कर देने वाला नजारा दिखा। वहां पर एक एशियाई शेर लहरों का मजा ले रहा था। देखते ही देखते उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वैसे तो जंगल में लोगों ने शेर को बहुत देखा है, लेकिन समुद्र के पानी के बीच उसे देखना काफी अद्भुत था।
भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी परवीन कासवान ने इस शेर की फोटो शेयर की थी। उन्होंने बताया कि जूनागढ़ से लगते अरब सागर के पास शेर पहुंच गया था। वहां पर वो खूबसूरत लहरों का मजा ले रहा था। इसके साथ ही उन्होंने समुद्र किनारे रहने वाले बाघों से जुड़ा एक पोस्ट भी शेयर किया।

कासवान के मुताबिक ये फोटो CCF, जूनागढ़ ने ली थी। उन्होंने फोटो के साथ कैप्शन लिखा कि जब #Narnia असल में सामने दिख गया। एक शेर गुजरात तट पर अरब सागर के ज्वार का मजा लेते हुए कैद किया गया।
उनकी पोस्ट पर कमेंट की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा कि शेर भी अपनी रूटीन लाइफ से थक गया बेचारा। वो छुट्टी बिताने समुद्र किनारे गया है। एक यूजर ने लिखा कि शेर संडे का मजा ले रहा है। अभी वो लॉन्ग विकेंड के लिए समुद्र तट पर गया है। छुट्टी खत्म होते ही वो जंगल में लौट आएगा।
हालांकि बहुत से लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ कि ये फोटो असली है। उनको लग रहा था कि ये फोटो Narnia मूवी का स्क्रीनशॉट है। वहीं जब IFS अधिकारी ने बताया कि जूनागढ़ में वन विभाग के अधिकारियों ने ये फोटो ली है, तब जाकर उनको भरोसा हुआ।
गुजरात में हैं 674 से ज्यादा शेर
आपको बता दें कि शेरों को बचाने के लिए गुजरात के जूनागढ़ में गिर नेशनल पार्क की स्थापना की गई थी। 2020 की गणना के अनुसार वहां पर 674 से ज्यादा शेर हैं। 2025 में फिर से इनकी गिनती होगी। तब इनकी संख्या और ज्यादा बढ़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications