Ahmedabad Plane Crash: हॉस्टल में लंच कर रहे थे छात्र, तभी आसमान से मौत बनकर गिरा एयर इंडिया का प्लेन
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 गुरुवार दोपहर एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह ड्रीमलाइनर प्लेन था, जिसमें कुल 242 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद ही प्लेन में अचानक तकनीकी खराबी का पता चला जिसके बाद विमान नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद आसमान में प्लेन कांपने लगा और देखते ही देखते गुजरात के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल की मेस पर जा गिरा। ये प्लेन क्रैश दोपहर करीब 1 बजकर 38 मिनट पर उस समय हुआ जब मेस में दकई छात्र लंच कर रहे थे।

गुजरात के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज का हॉस्टल बना हादसे का शिकार
बीजे मेडिकल कॉलेज के UG हॉस्टल की मेस में हादसे के वक्त लंच टाइम चल रहा था। अब तक की मिली जानकारी के मुताबिर इस मेस में करीब 70 से अधिक MBBS स्टूडेंट वहां मौजूद थे। प्लेन क्रैश होकर सीधे मेस की छत पर जा गिरा, जिससे जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते चंद मिनटों में ही पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि विमान का टेल सेक्शन रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल की छत पर फंसा हुआ है। हॉस्टल के अंदर से जो तस्वीरें आईं हैं वो बेहद भयावह हैं। मेस में बिखरे पड़े बर्तन, किचन में तितर-बितर हुआ सामान और स्टूडेंट्स के चप्पल-जूते इस हादसे की कहानी कह रहे हैं।
कई छात्रों के मरने की आशंका
दरअसल, विमान गिरते ही आग लग गई और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया जिससे पूरा मेस एरिया धुएं से भर गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। डीजीसीए (DGCA) की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर रवाना हो चुकी है।
हालांकि अभी तक किसी छात्र की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कई छात्रों के मारे जाने की आशंका है, और कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मेस की छत पूरी तरह ढह गई है, जिससे नीचे बैठे छात्रों को भारी चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि गुजरात का बीजे मेडिकल कॉलेज सबसे बड़ा सरकारी मेडिकल कॉलेज है, जहां हर साल सैकड़ों छात्र MBBS की पढ़ाई के लिए दाखिला लेते हैं। कॉलेज का रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल और UG हॉस्टल छात्र-छात्राओं के रहने का प्रमुख केंद्र है। हादसे के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में डर और घबराहट का माहौल है।
टेकऑफ के 5 मिनट बाद ही आग का गोला बना एयर इंडिया का प्लेन
हादसा तब हुआ जब फ्लाइट AI171 ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (SVPIA) से उड़ान भरी थी। उड़ान के महज 5 मिनट बाद विमान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया और पायलट का नियंत्रण खत्म हो गया। इसके बाद विमान ने अपना संतुलन खो दिया और सीधे बीजे मेडिकल कॉलेज के UG हॉस्टल की ओर मुड़ गया। Air India की इस फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। फिलहाल अधिकारिक जानकारी आने की प्रतीक्षा की जा रही है।
बचाव कार्य जारी, एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद
राहत एवं बचाव कार्य अभी भी युद्ध स्तर पर जारी है। वहीं, अहमदाबाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सभी फ्लाइट ऑपरेशन्स को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और मेडिकल टीमें समन्वय में राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस भयानक दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है, जो ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी। हादसे की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है, लेकिन जांच पूरी होने तक अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
इस भीषण हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और हादसे की उच्च स्तरीय जांच की जाए।












Click it and Unblock the Notifications