पत्नी की हत्या कर उसे स्कूटी पर रखकर डैम में फेंकने जा रहा था पति, गांववालों ने पीछा करके पकड़ा
भावनगर। गुजरात में भावनगर जिले के पालिताणा शहर में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके बाद उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसे एक एक्टिवा (स्कूटी) के आगे लाद लिया। फिर स्कूटी को लेकर वह डैम की तरफ निकल पड़ा। रास्ते में लोगों ने देखा तो उन्हें अपराध का संदेह हुआ। जिसके बाद लोगों ने उसका पीछा किया। बाद में उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

टाउन पुलिस के अधिकारी ने बताया कि, हत्यारे पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसकी पत्नी की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। यह वारदात रविवार को घरेलू झगड़े के बाद अंजाम दी गई थी। पत्नी की जान लेने के बाद पति ने उसकी लाश एक्टिवा पर रख ली थी और फिर उसे डैम में फेंकने जा रहा था। रास्ते में गांववालों ने देखा तो पीछा करके पति को रंगेहाथ पकड़ा। घटना के बारे में बताते हुए रोहीशाली गांव के एक शख्स ने कहा कि, हम लोग गांव के चौराहे पर बैठे थे, तभी देखा कि उक्त शख्स की एक्टिवा पर महिला का शरीर लटक रहा था। देखते ही हम समझ गए कि कुछ गड़बड़ है और जब उस शख्स को रोकने की कोशिश की तो उसने एक्टिवा की स्पीड बढ़ा दी। जिसके बाद काफी लोगों ने बाइक से उसका पीछा किया और पकड़ लिया।
वारदात के पीछे की वजह पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़े बताए जा रहे हैं। हत्यारोपी पति की पहचान पालिताणा के सिंधी कैंप में रहने वाले अमित मथुरदास हेमनाणी के तौर पर हुई है। उसका और उसकी पत्नी नयनाबेन के बीच किसी बात को लेकर काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। रविवार के दिन अमित ने नयना की गला दबाकर जान ले ली।












Click it and Unblock the Notifications