Pankhudi Tripathi: सच हुए सपने, स्कूल में मिला दाखिला, सीएम योगी को लेकर पंखुड़ी ने कहा कुछ ऐसा
Pankhudi Tripathi Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: कहते हैं कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। यह पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं गोरखपुर के पुर्दिलपुर की रहने वाली पंखुड़ी त्रिपाठी पर। समय का चक्र घूमता है और बुरे वक्त की शुरुआत होती है। पंखुड़ी जो बड़े मन अपनी पढ़ाई कर रही थी उसकी पढ़ाई फीस न जमा कर पाने के कारण 4 महीने के लिए बंद हो जाती है। लेकिन पंखुड़ी के मन में पढ़ाई की प्रबल इच्छा बनी रहती है। दुःख और निराशा के साथ वह पढ़ाई कैसे शुरू की जाए इस पर मंथन करती रहती है। उम्मीद की किरण सीएम योगी में दिखाती है। फिर क्या 1 जुलाई को वह पहुंच जाती है सीएम योगी के जनता दरबार में। सीएम उसे जल्द एडमिशन का आश्वासन देते हैं और वह घर लौट आती है। सोमवार यानी आज उसे सरस्वती शिशु मंदिर पक्कीबाग में कक्षा 7 में दाखिला मिल गया। उसकी खुशी का ठिकाना नहीं है। वन इंडिया हिंदी रिपोर्टर पुनीत श्रीवास्तव ने पंखुड़ी और उसके माता पिता से खास बातचीत की।

घर में जश्न का दिखा माहौल
वन इंडिया हिंदी रिपोर्टर जब पंखुड़ी के पुरदिलपुर स्थित आवास पर पहुंचे उस समय घर में जश्न का माहौल था। पंखुड़ी खुद वहां मौजूद सभी लोगों को मिठाई बांट रही थी। उसकी खुशी देखने लायक थी। चेहरे की चमक उसकी प्रसन्नता को बयां कर रही थी।

बोली पंखुड़ी : पहला दिन बहुत अच्छा रहा
आज दाखिला मिलने के बाद पंखुड़ी का स्कूल में पहला दिन था। घर आने के बाद वह बहुत खुश थी। उसने बताया कि स्कूल का पहला दिन बहुत अच्छा रहा। मै बहुत खुश हूं । आज मुझे नया जीवन मिल गया है।

सीएम योगी के प्रति व्यक्त किया आभार
पंखुड़ी ने अपने एडमिशन का पूरा श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उसने कहा मेरी फरियाद रंग लाई। सीएम सर ने मेरी बात सुनी और आज मुझे दाखिला मिल गया । मै उन्हें हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।
बड़े भाई की पढ़ाई के लिए खुद की पढ़ाई बंद कर दी
पंखुड़ी ने बताया कि जब उसकी पढ़ाई बंद हो गई तब उसे बहुत पीड़ा हुई। लेकिन उसने अपने पिता की बात मानी और बड़े भाई की पढ़ाई के लिए खुद की पढ़ाई बंद कर दी। लेकिन इस बुरे समय में भी उसने धैर्य बनाए रखा और प्रयास जारी रखा।

IAS बनना है सपना
पंखुड़ी कहती हैं कि वह कड़ी मेहनत कर देश की सबसे कठिन परीक्षा यूपीएससी पास कर IAS बनना चाहती है।
देश की सेवा है प्राथमिकता
पंखुड़ी एक IAS अधिकारी बन देश व समाज की सेवा करना चाहती हैं।

बोले माता पिता
पंखुड़ी के माता पिता की खुशी का आज ठिकाना नहीं है। उन्होंने कहा आज योगी जी की वजह से मेरी बेटी को दाखिला मिला है। उन्होंने जो किया है वह जीवन भर याद रहेगा। उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications