NER क्रीड़ा संघ ने साइक्लोथॉन का आयोजन कर “संडेज ऑन साइकिल” का दिया संदेश, होंगे ये फायदे
NER Gorakhpur News Indian Railway Uttar Pradesh: फिट इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में 08 जून,2025 को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में साइक्लोथॉन का आयोजन कर "संडेज ऑन साइकिल" का संदेश दिया गया। साइक्लोथॉन का शुभारम्भ अध्यक्ष, नरसा एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अभय कुमार गुप्ता ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस साइक्लोथॉन में लगभग 05 किमी. की दूरी तय की गई, जो रेलवे स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मोहद्दीपुर, पैडलेगंज, रामगढ़ताल के किनारे (सर्कुलर रोड), आर.के.बी.के., महाप्रबंधक कार्यालय होते हुए पुनः रेलवे स्टेडियम में पहुॅकर समाप्त हुआ। इस साइक्लोथॉन में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक तुषार कांत पाण्डेय, महासचिव नरसा एवं मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह, सहायक क्रीड़ा अधिकारी चन्द्र विजय सिंह सहित भारी संख्या में स्पोटर्स पर्सन, रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
साइक्लोथॉन को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष, नरसा एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अभय कुमार गुप्ता ने कहा कि हम सभी को साइकिल का उपयोग करना चाहिए। इससे जहॉ हमारा स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, वही इंधन की भी बचत होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और विदेशी मुद्रा की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि सायकिल चलाने से हमारी मांसपेशियों को मजबूती मिलती है तथा यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक है।

वरिष्ठ उप महाप्रबंधक तुषार कांत पाण्डेय ने कहा कि साइकिल हमारे फिटनेस को बनाये रखता है। उन्होंने कहा कि आजकल डॉक्टर भी साइकिल चलाने की सलाह देते है। श्री पाण्डेय ने कहा कि आज के समय में फिटनेस सबसे बड़ा चैलेन्ज है, जो नियमित रूप से साइकिल चलाकर पाया जा सकता है। नियमित रूप से साइकिल चलाकर बहुत सारी बीमारियों से बचा जा सकता है। सुबह-सुबह साइकिल चलाने से सकारात्मक ऊर्जा के साथ दिन की शुरूआत होती है।
महासचिव नरसा एवं मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि साइकिल पर्यावरण अनुकूल साधन है। इससे डीजल एवं पेट्रोल की बचत होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है साथ ही सेहत भी अच्छी रहती है। श्री सिंह ने कहा कि हमें खेल को अपने जीवन में समाहित करना चाहिए और रविवार को कम से कम 5 किमी साइकिल चलाना चाहिए। हमें अपना छोटे कार्य साइकिल के माध्यम से ही करना चाहिए, इससे हम पर्यावरण को भी बचा सकते है तथा स्वयं को फिट भी रख सकते है। कार्यक्रम का संचालन सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री चन्द्र विजय सिंह ने किया।












Click it and Unblock the Notifications