Independence Day 2025: एम्स गोरखपुर में उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, निदेशक ने की यह अपील
Independence Day 2025 Latest News Hindi Gorakhpur AIIMS: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासनिक भवन के सामने मुख्य अतिथि एवं कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई।
अपने संबोधन में डॉ. दत्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी से एकता, समर्पण और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में चिकित्सा पेशेवरों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने की प्रेरणा दी।

ध्वजारोहण के उपरांत एमबीबीएस और नर्सिंग छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुतियों से सजीव सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर सभी संकाय सदस्यों, छात्रों और कर्मचारियों के बीच जलपान और मिठाई वितरित की गई, जिससे आपसी सौहार्द और खुशी का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों के लिए संस्थान के सभागार में प्रेरणादायक फिल्म सैम बहादुर का प्रदर्शन किया गया। फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के अदम्य साहस और नेतृत्व को दर्शाने वाली इस फिल्म ने सभी में देशभक्ति और दृढ़ संकल्प की भावना को और प्रबल किया।
कार्यक्रम का समापन एम्स गोरखपुर परिवार के इस संकल्प के साथ हुआ कि वे राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देंगे और स्वतंत्रता तथा सेवा के मूल्यों को सदैव बनाए रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications