Gorakhpur: एक तरफ निकली बहन की डोली तो दूसरी तरफ उठी भाई की अर्थी, रुला देगा यह दर्दनाक हादसा
गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में बहन की शादी के दिन भाई की करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है।

Gorakhpur News: गोरखपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जो बेहद दर्दनाक है। गगहा के बेलकुर गांव में एक तरफ जहां बहन की डोली निकल रही थी तो दूसरी तरफ भाई की अर्थी उठ रही थी। यह दृश्य देख सभी की आंखे नम थी। परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे। जिस घर में खुशी का माहौल था, उस घर में मातम छा गया।
बेलकुर गांव के जंगीलाल की बेटी किरन की शादी रविवार को थी। घर में जश्न का माहौल था। सभी शादी की तैयारियों में जुटे थे। बारात मऊ के भैरवपुर मधुबन से आई थी। विवाह की रस्में हो रही थी। बहन सात फेरे ले रही थी उसी समय लाइट कट गयी। बिजली कर्मियों के न आने पर भाई जनरेटर खुद चलाने चला गया। इसी दौरान वह कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी। सात भाई बहनों में अनीश दूसरे नंबर का था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी।
परिजनों ने भाई की मौत की खबर बहन को नहीं बताई और विवाह की रस्में पूरी की गयी। सुबह जब बहन भाई को पूछने लगी तब सभी रोने लगे। बहन भाई के शव की तरफ दौड़ी लेकिन परिजनों ने उसे रोक दिया और उसकी विदाई कराई। एक तरफ बहन की डोली निकली तो उसके कुछ देर बाद भाई की अर्थी उठी। बहन की शादी के दिन हुई भाई की मौत से पूरे गांव में मातम हैं। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications