DDU University ने Times Higher Education Impact Rankings में हासिल की बड़ी उपलब्धि
DDU University Gorakhpur Times Higher Education Impact Rankings 2025 News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक प्रतिबद्धता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित करते हुए टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) इम्पैक्ट रैंकिंग्स 2025 में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। यह रैंकिंग संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (UN-SDGs) की प्राप्ति में विश्वविद्यालय के योगदान को मान्यता प्रदान करती है। इससे पहले विश्वविद्यालय को क्यूएस QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: साउथ एशिया 2024 और नेचर इंडेक्स में भी उल्लेखनीय स्थान मिल चुका है।
टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) इम्पैक्ट रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने पहली बार भागीदारी करते हुए 2,318 वैश्विक संस्थानों में से 1501+ श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। कुल 47.5 अंकों के साथ, विश्वविद्यालय ने सात सतत विकास लक्ष्यों-जैसे लैंगिक समानता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भूखमुक्त समाज, सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा आदि-के अंतर्गत भागीदारी की।
टाइम्स हायर एजुकेशन इम्पैक्ट रैंकिंग्स विश्व की सबसे प्रतिष्ठित रैंकिंग प्रणालियों में से एक है, जो शैक्षणिक संस्थानों के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय योगदान को आँकती है। यह पारंपरिक अकादमिक मानकों से आगे जाकर, अनुसंधान, स्थिरता, समुदाय सहभागिता और सतत विकास पर केंद्रित होती है।

प्रमुख रैंकिंग निष्कर्षों में गोरखपुर विश्वविद्यालय को SDG 2 (भूखमुक्त समाज) और SDG 7 (सस्ती व स्वच्छ ऊर्जा) में 401-600 रैंक श्रेणी में रखा गया है। वहीं लैंगिक समानता में 1001-1500 रैंक, जबकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, साझेदारी आदि क्षेत्रों में विश्वविद्यालय को वैश्विक मंच पर मान्यता प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा,
"THE इम्पैक्ट रैंकिंग्स में गोरखपुर विश्वविद्यालय की पहली उपस्थिति अत्यंत गर्व की बात है। यह केवल शैक्षणिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता, समावेशिता और सतत विकास की दिशा में किए गए ठोस प्रयासों का प्रमाण है। हमारा उद्देश्य न केवल दक्ष स्नातक तैयार करना है, बल्कि उत्तरदायी वैश्विक नागरिकों का निर्माण करना भी है।"
विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि के पीछे अनेक संस्थागत प्रयास प्रमुख रूप से शामिल हैं, जैसे-E2E करियर लॉन्च पहल, हरित परिसर परियोजनाएँ, प्रथम पीढ़ी की छात्राओं के लिए लैंगिक समानता कार्यक्रम, ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान, और SDG-आधारित अनुसंधान गतिविधियाँ।
यह गौरव का विषय है कि उत्तर प्रदेश के चार राज्य विश्वविद्यालयों-दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय तथा मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय-को पहली बार THE Impact Rankings 2025 में स्थान प्राप्त हुआ है। यह राज्य की उच्च शिक्षा में आ रहे सकारात्मक बदलावों और वैश्विक मानकों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है।
DDU University के छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान, कुलपति ने दी बधाई
यह उपलब्धि माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन, प्रेरणा और समर्थन के बिना संभव नहीं हो पाती। विश्वविद्यालय परिवार उनके प्रति आभार व्यक्त करता है।
विश्वविद्यालय "प्रभाव के साथ उत्कृष्टता" की दिशा में निरंतर अग्रसर है और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में अपना सतत योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications