DDU University ने मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना को स्वीकृति दिलाने के लिए की यह पहल
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान (आईएएनएसएस) को उत्तर प्रदेश मंडी परिषद् से संस्थागत स्वीकृति के साथ संस्थान में अध्ययनरत ग़रीब कृषक परिवारों से संबंधित छात्रों को मंडी परिषद् की मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का सीधा और लाभकारी लाभ प्राप्त हो सकेगा। यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगी जो कृषि पृष्ठभूमि से आते हैं और कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उच्च अध्ययन कर रहे हैं।
मंडी परिषद् की छात्रवृत्ति योजना ऐसे छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है, जिससे वे अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास की दिशा में और अधिक सक्षम हो सकें।इस क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा 250 कमरों वाले छात्रावास की सुविधा भी प्रस्तावित की गई है, जिससे छात्रों को एक बेहतर आवासीय और शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इसी के साथ संस्थान द्वारा एक अत्याधुनिक मॉडल फार्म की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है। इसका उद्देश्य भावी कृषि वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को व्यावहारिक एवं नवोन्मेषी प्रशिक्षण प्रदान करना है। यह मॉडल किसानों के समस्या के समाधान हेतु सूचना केंद्र ,फार्म शोध ,प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन की दृष्टि से छात्रों, शोधकर्ताओं और किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस समग्र पहल को विश्वविद्यालय की दीर्घकालिक शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा बताते हुए कहा,"हमारा उद्देश्य ऐसा कृषि मानव संसाधन तैयार करना है जो वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से किसानों तक आधुनिक तकनीकों का स्थानांतरण कर सके। संस्थान द्वारा किए जा रहे ये प्रयास इस दिशा में निर्णायक सिद्ध होंगे।"उन्होंने यह भी कहा कि यदि कृषि छात्रों और शोधकर्ताओं को नवीनतम तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाए, तो वे समाज एवं किसानों के बीच नवाचारों का प्रभावी प्रसार कर सकते हैं, जिससे उत्पादन लागत में कमी और आय में वृद्धि संभव हो सकेगी।
UGC NET JRF Result: DDU University के छात्रों ने लहराया परचम, इतने विद्यार्थियों को मिली सफलता
संस्थान के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. आर आर सिंह ने जानकारी दी कि मॉडल फार्म के साथ-साथ शैक्षणिक सत्र 2025-26 से बी.एससी. एग्रीकल्चर (ऑनर्स) इन नेचुरल फार्मिंग पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। यह पाठ्यक्रम प्राकृतिक, जैविक और सतत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण अकादमिक प्रयास होगा।












Click it and Unblock the Notifications