चार राज्य विश्वविद्यालयों के मध्य MOU हस्ताक्षर, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा सहयोग में नया मील का पत्थर
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गोरखनाथ शोध पीठ में आज एक ऐतिहासिक अवसर पर चार राज्य विश्वविद्यालयों के मध्य मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस महत्वपूर्ण समारोह की मेज़बानी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने की।
यह आयोजन माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के दूरदर्शी मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व में संभव हुआ। यह पहल उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का एक सशक्त प्रयास है।

एम.ओ.यू. में सम्मिलित विश्वविद्यालय:
1. दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर
2. डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या
3. आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या
4. मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर
5. जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट
इन समझौतों का उद्देश्य विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सतत एवं परस्पर लाभकारी साझेदारी को प्रोत्साहित करना है, जो न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर भी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा।
एम.ओ.यू. के मुख्य उद्देश्य एवं प्रावधान:
• शैक्षणिक सहयोग: संयुक्त शोध परियोजनाएँ, सेमिनार, संगोष्ठी और कार्यशालाओं का आयोजन।
• सांस्कृतिक आदान-प्रदान: कला, साहित्य, नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में परस्पर सहभागिता।
• व्यावसायिक विकास: शिक्षक एवं शोधकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम और क्षमता निर्माण पहल।
• छात्र एवं प्राध्यापक विनिमय: विनिमय कार्यक्रम, इंटर्नशिप, एवं संयुक्त शैक्षणिक पाठ्यक्रम।
शोध एवं नवाचार: नई तकनीकों, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञानों में संयुक्त शोध को बढ़ावा देना।
• सतत सहयोग: दीर्घकालिक और संस्थागत स्तर पर साझेदारी का निर्माण, जिससे शिक्षा और शोध में गुणवत्ता एवं पहुंच दोनों का विस्तार हो।
इन समझौतों के तहत विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रमों में छात्र और प्राध्यापक विनिमय को शामिल करेंगे, जिससे शोध एवं शिक्षण में नई दृष्टि और विविधता आएगी। यह पहल न केवल अकादमिक अंतराल को पाटेगी, बल्कि नवाचार-आधारित अनुसंधान और बहु-विषयक अध्ययन के अवसर भी प्रदान करेगी।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि "यह समझौता दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि हम राज्य स्तर पर शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध उत्कृष्टता और व्यापक सहयोग के नए मानक स्थापित करने के लिए तत्पर हैं। यह केवल एक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भविष्य के लिए साझा दृष्टि है।"
यह ऐतिहासिक हस्ताक्षर समारोह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला के दौरान आयोजित हुआ, जिसका संयुक्त आयोजन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनेक विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ शिक्षाविद, प्राध्यापक एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को राज्य के उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।












Click it and Unblock the Notifications