बुलडोजर का खौफ : गोरखपुर में अपराधी ने घर के बाहर bulldozer देखते ही कर दिया सरेंडर, 3 दिन से था फरार
गोरखपुर, 03 जुलाई: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के अंदर बुलडोजर का खौफ साफ नजर आने लगा है। तीन दिन से फरार रेप के आरोपी ने अपने घर के बाहर बुलडोजर खड़ी देखकर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बता दें, 27 जून को छात्रा के साथ जंगल सिकरी गांव के पांच लोगों ने रेप किया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सहपाठी समेत पांच आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्वनोई ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। इसकी तैयारी शुरु हो गई है।

सहपाठी के कुसम्ही जंगल घूमने गई थी छात्रा
मामला 27 जून का है। छात्रा अपने सहपाठी के साथ कुसम्ही जंगल में घूमने गई थी। आरोप है कि पहले सहपाठी ने छात्रा का रेप किया। इसी दौरान पहुंचे जंगल सिकरी गांव के लवकुश पासवान, वकील पासवान, भोलू यादव उर्फ विशाल और सुरेंद्र पासवान ने दोनों को पकड़ लिया। सभी ने छात्रा के सहपाठी को पीटने के बाद उसे भगा दिया। इसके बाद छात्रा को जंगल के अंदर उठा ले गए। सभी ने जंगल में छात्रा को बंधक बनाकर रेप किया। रात में घर पहुंची छात्रा ने मां को आपबीती सुनाई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सहपाठी समेत पांच आरोपितों के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घर छोड़कर फरार हो गया था आरोपी
मुकदमा दर्ज होने के बाद जंगल सिकरी गांव का रहने वाला लवकुश पासवान घर छोड़कर फरार हो गया था। वारदात में शामिल रहे तीन साथियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ ही खोराबार पुलिस ने उनके मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। गिरफ्तारी का दबाव बढ़ने पर दो दिन पहले लवकुश अपने दोस्तों के साथ आत्मसर्पण करने कोर्ट जा रहा था। कचहरी गेट पर पुलिस की घेराबंदी कर भाग निकला था।

घर के बाहर बुलडोजर देखते ही आरोपी ने किया सरेंडर
तीन दिन से पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। पता न चलने पर सुबह खोराबार थाना प्रभारी आरोपित के घर बुलडोजर लेकर पहुंचे थे। घर के बाहर बुलडोजर देखकर आरोपित ने संदेश भेजवाया कि वह आत्मसमर्पण करने को तैयार है। इसके बाद उसने आत्मसर्पण कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications