कोरोना वायरस: सीएम योगी ने दी होली की शुभकामनाएं, कहा- जोश में होश न खोएं
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। सीएम योगी ने कहा कि होली भारत की सनातन परंपरा का प्रमुख पर्व है।हमारे पर्व हमें धर्म, सत्य और न्याय के पथ का अनुसरण करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं और होली शांति, सद्भाव, समता और सौहार्द का महापर्व है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आप सबका जीवन सुख, शांति और समृद्धि के सभी रंगों से परिपूर्ण हो। रंगोत्सव की सभी को अनेकों शुभकामनाएं।

जोश में होश न खोएं
मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि कोरोना वायरस को देखते हुए आवश्यक जागरूकता और सावधानी भी अवश्य बरतें। सीएम योगी ने कहा कि होली के मौके पर जोश में होश न खोएं, जिससे आपको किसी संकट का सामना ना करना पड़े, इसलिए सावधानी बरतें। बता दें, कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से इस बार सीएम योगी ने होली मिलन के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का ऐलान किया है।
टूटी ये परम्परा
इस वजह से दशकों से चली आ रही एक परम्परा भी टूट गई है। दरअसल, गोरखपुर के पाण्डेय हाता से होलिका दहन का जुलूस निकलता है। घंटाघर होते हुए करीब पांच किलोमीटर की यात्रा होती है। दशकों से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इस जुलूस में शामिल होते थे। सीएम बनने के बाद भी योगी आदित्यनाथ इस शोभा यात्रा में शामिल होकर पूजा करके वापस चले जाते थे, लेकिन इस बार वो पूजा करने भी नहीं आए।












Click it and Unblock the Notifications