बहन की शादी के बीच भाई की दर्दनाक मौत, डोली के बाद उसी घर से उठी अर्थी
Gorakhpur news, गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर में शादी वाले घर में उस वक्त मातम पसर गया जब बारात दरवाजे पर खड़ी थी और दुल्हन के भाई की करंट लगने से मौत हो गई। जिस घर में मंगल गीत गाये जा रहे थे उसी घर में महिलाओं की चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डीजे वाहन के चक्कर में गई जान
मामला गोरखपुर के चौरी-चौरा थानाक्षेत्र का है। बिलारी मिठिया गांव के रहने वाले राजाराम गुप्ता की बेटी शादी होनी थी। मंगलवार रात करीब आठ बजे बाराज दरवाजे पर पहुंची। बैंडबाजे के साथ डीजे वाली गाड़ी भी आई, लेकिन गेट छोटा होने की वजह से गाड़ी अंदर नहीं जा पा रही थी।

हाईटेंशन लाइन के तार से टच हुआ गेट
इसी बीच राजाराम का बेटा और दुल्हन का भाई बृजेश (25) और शेषनाथ का बेटा मनोज (50) वहां पहुंचे और डीजे को गेट के अंदर घुसाने के लिए गेट को पकड़कर ऊपर की तरफ उठाने लगे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन के तार गेट से टच हो गये। करंट की चपेट में आकर बृजेश अचेत होकर वहीं गिर गया, जबकि मनोज गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे दोनों को उपचार के लिए तुरंत सीएचसी ले गए, जहां से दोनों को गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर पहुंचने पर अस्पताल के डॉक्टरों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया।

शादी के रस्मों के बाद घर लाया गया शव
बता दें, हादसे के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रात में 9.30 बजे तक शादी की सभी रस्म पूरी कराईं। वहीं, लड़की के परिजनों ने शादी होने तक शव को अस्पताल में ही रोक दिया और देर रात में ही दुल्हन को लेकर जब बारात लौट गई तब जाकर लड़की के भाई के शव को अस्पताल से घर लाया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications