UP BJP News: गोंडा में बीजेपी जिलाध्यक्ष पर गिरी गाज, महिला के साथ वायरल वीडियो पर पार्टी ने लिया कड़ा एक्शन
UP BJP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के चलते पार्टी ने यह कार्रवाई की। वीडियो में अमर किशोर एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे थे।
वीडियो के सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया था। लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता की गंभीर श्रेणी में मानते हुए तत्काल प्रभाव से निष्कासन का आदेश जारी किया।

इस बारे में बीजेपी प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने पत्र जारी करते हुए लिखा कि अमर किशोर का आचरण पार्टी की गरिमा और अनुशासन के विरुद्ध है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के निर्देश के बाद उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
पार्टी की साख को किया प्रभावित
इस प्रकरण ने न केवल बीजेपी की साख को प्रभावित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पार्टी की छवि को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। वीडियो में जिलाध्यक्ष महिला को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
घटना 12 अप्रैल की बताई जा रही है, जब पार्टी कार्यालय के बाहर एक कार रुकती है और उसमें से अमर किशोर कश्यप उतरते हैं। उसी वाहन से एक महिला भी बाहर निकलती है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जिलाध्यक्ष उस महिला को अंदर जाने का इशारा करते हैं।
दूसरे वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें
दूसरे वायरल वीडियो में अमर किशोर सीढ़ियों के पास महिला को गले लगाते नजर आते हैं। हालांकि, इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि महिला पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता हैं और उन्हें चक्कर आने पर उन्होंने महिला को सहारा दिया था।
कश्यप ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक दुर्भावना से वीडियो को गलत तरीके से वायरल कर रहे हैं। हालांकि, इन दावों के बावजूद पार्टी ने उनके पक्ष को संतोषजनक नहीं माना और अब मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कड़ी कार्रवाई की।
महिला ने भी दर्ज कराया मुकदमा
वीडियो में दिख रही महिला ने भी सामने आकर कहा कि वीडियो वायरल करने से उनका मान-सम्मान प्रभावित हुआ है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला का कहना है कि उनकी निजी छवि को बदनाम करने के लिए यह साजिश रची गई है। महिला ने यह भी कहा था कि बीजेपी जिलाध्यक्ष से उनका भाई का नाता है और दोनों लोग और उनके परिवार के सदस्य एक दूसरे के घर आते जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications