बच्चा चोर समझकर भीड़ ने महिला को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, 9 लोग गिरफ्तार
गोंडा। उत्तर प्रदेश में अफवाहों का बाजार गर्म है। यहां बच्चा चोर की अफवाहें अब यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। ताजा मामला गोंडा का है। यहां बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक महिला को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान ग्रामीणों ने महिला की पिटाई का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, मामला नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव रहेली के मजरा भाईलाल पुरवा का है। यहां गन्ने के खेत में छिपी एक महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसपर बच्चा चोरी का संदेह जताते हुए पेड़ से बांध दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला कभी अपना नाम रुबीना तो कभी सफीना बता रही है। गांव का नाम भी सही नहीं बता सकी। उसे हिरासत में लेकर जांच की जा रही। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाह उड़ रही लेकिन इसकी पुष्टि नहीं होती। इसी अफवाह के चलते महिला को पकड़ लिया गया है।

वहीं, इस पूरे मामले में एएसपी महेन्द्र कुमार ने बताया कि रहेली गांव में एक महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को ग्रामीणों से छुड़ाया और थाने ले आईं। यहां छानबीन के बाद महिला की शिनाख्त तलाकशुदा फूलजहां के रूप में हुई। उसका मायका इसी थाना क्षेत्र के शाहपुर में है। उन्होंने बताया कि महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसे उसके पिता के सिपुर्द कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि महिला के पिता कि तहरीर पर 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करके सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications