गोवा: शिवसेना के बागी विधायकों के साथ सीएम प्रमोद सावंत पहुंचे ताज होटल
पणजी, 30 जून: महाराष्ट्र में जिसका डर का आखिरकार वो ही हुआ। एकनाथ शिंदे की बगावत का असर इस कदर हुआ कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ गया। सुप्रीम कोर्ट में राज्यपाल के फ्लोर टेस्ट के आदेश के खिलाफ याचिका में झटका मिलने के बाद देर रात उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना त्याग पत्र सौंप दिया। इस सियासी घमासान के बीच बागी विधायक गोवा पहुंच गए हैं, जहां उनको पणजी के ताज होटल में ठहराया गया है।
Recommended Video

देर रात गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत शिवसेना के बागी विधायकों के दल के साथ पणजी के ताज होटल पहुंचे, जहां अब वो ठहरेंगे। इससे पहले महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि जो (शिवसेना के बागी विधायक) गुरुवार को मुंबई पहुंच रहे थे, मैं उनसे 30 जून को नहीं आने का आग्रह करता हूं, वे शपथ ग्रहण के दिन ही मुंबई आएं।
एकनाथ शिंदे के साथ बागी विधायक दीपक केसरकर ने सीएम के इस्तीफे पर रिएक्शन देते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा हमारे लिए खुशी की बात नहीं है। इससे पहले गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए बागी शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा था कि हम लोग गुरुवार को मुंबई पहुंचेंगे और विश्वास मत में शामिल होंगे। उसके बाद हमारे विधायक दल की बैठक होगी और फिर आगे की रणनीति का हम निर्णय लेंगे। शिंदे ने बयान दिया था कि हम बागी नहीं है। हम शिवसेना है और हम बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना के एजेंडे और विचारधारा को आगे लेकर जा रहे हैं। हम लोग राज्य की प्रगति के लिए काम करेंगे।
उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद निर्दलीय विधायक रवि राणा ने निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा पहले ही देना चाहिए था, उनकी बंद मुट्ठी में भी जो ताकत थी वो खुल गई है। जहां हिन्दुत्व के विचार छोड़कर कांग्रेस के विचारों पर सीएम चल रहे थे। एकनाथ शिंदे गुट ने बालासाहेब के विचारों पर कायम रखने के लिए विद्रोह किया है।












Click it and Unblock the Notifications