Goa Police पर बड़ा सवाल! 'बंदूक की नोक पर लिया बयान', सुलेमान सिद्दीकी के दावे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
Goa Police News: गोवा में सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्षी दल सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। मामला भूमि घोटाले के आरोपी सुलेमान सिद्दीकी से जुड़ा है, जिसने हाल ही में पुलिस पर टॉर्चर और बंदूक की नोक पर बयान लेने का आरोप लगाया है। विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है।
पिछले साल दिसंबर 2024 में गोवा पुलिस कस्टडी से सुलेमान सिद्दीकी फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। अब सिद्दीकी ने पणजी जिला एवं सत्र न्यायालय में पेशी के दौरान मीडिया से कहा कि उसका दूसरा वीडियो जबरन रिकॉर्ड कराया गया था। उसने दावा किया कि पुलिस ने उसे बंदूक की नोक पर और बिजली के झटकों के बीच बयान देने के लिए मजबूर किया।

Goa Police: पहले वीडियो में उठाए थे गंभीर आरोप
सिद्दीकी का कहना है कि उसका पहला वीडियो ही सही था, जिसमें उसने SP क्राइम ब्रांच राहुल गुप्ता, DySP सूरज हालारंकर और विधायक जोशुआ डिसूजा पर भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। उसका दावा है कि पुलिस ने दूसरा वीडियो दबाव डालकर रिकॉर्ड कराया, ताकि वह अपने पहले आरोपों से पीछे हट जाए।
Goa Police: विपक्ष ने सरकार को घेरा, AAP ने की CBI जांच की मांग
AAP गोवा अध्यक्ष अमित पालेकर ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "सच को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन हमेशा के लिए दफनाया नहीं जा सकता। सिद्दीकी के बयान ने गोवा पुलिस की संदिग्ध भूमिका उजागर कर दी है। पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। हम मांग करते हैं कि इस मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी करे और हिरासत से भागने की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।"
ये भी पढ़ें: प्रमोद सावंत बने Goa के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री, सहयोगियों ने CM के कामकाज को सराहा
हत्या के मामले से भी जुड़ा है सिद्दीकी का नाम
सिद्दीकी का नाम 1.5 लाख वर्ग मीटर भूमि घोटाले में पहले ही सामने आ चुका है, लेकिन अब उसे 2014 की लुईजा फर्नांडिस हत्याकांड और टार्सिला फर्नांडिस हत्या प्रयास मामले से भी जोड़ा जा रहा है। मामले की अगली सुनवाई 25 फरवरी को होगी।












Click it and Unblock the Notifications