गाजीपुर: मुख्तार अंसारी की पत्नी की 10 करोड़ की संपत्ति कुर्क, 17 दुकानें सील
गाजीपुर, 22 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के परिवार की संपत्ति पर सरकार ने कार्रवाई शुरु कर दी है। महुआबाग स्थित मुख्तार अंसारी की पत्नी आफशा अंसारी के गजल होटल की पहली मंजिल पर बने 17 दुकानों को कुर्क किया गया है। जिला और पुलिस प्रशासन की टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की है। बता दें, गजल होटल के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बीते वर्ष अक्तूबर माह में हुई थी। इसके बाद कई और स्थानों पर भी मुख्तार की बेनामी संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई थी।

डीएम ने दुकानों को कुर्क करने का जारी किया था आदेश
21 दिसंबर को डीएम एमपी सिंह ने गजल होटल के दुकानों को कुर्क करने का आदेश जारी किया। निर्देश मिलते ही मंगलवार देर शाम महुआबाग पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी 17 दुकानों को खाली करने का आदेश दिया। इसके बावजूद दुकानदारों ने दुकान खाली नहीं की। बुधवार सुबह पुलिस की टीम पहुंची और दुकानदारों से दुकान खाली करने को कहा। सुबह 10.30 बजे सीओ ओजस्वी चावला और सदर एसडीएम मौके पर पहुंच गए। दोपहर 12.57 बजे मुनादी कराने के बाद 17 दुकानों को कुर्क कर दिया गया। इससे पूर्व सभी दुकानों में राजस्व विभाग की टीम ने ताला बंदकर सील करने की कार्रवाई की।
17 दुकानों की कुल कीमत 10 करोड़ 10 लाख
सीओ ओजस्वी चावला ने बताया कि गैंग लीडर मुख्तार अंसारी की बेनामी संपत्ति को डीएम के आदेश पर कुर्क किया गया है। 17 दुकानों की कुल कीमत 10 करोड़ 10 लाख आंकी गई है। बता दें, यूपी की योगी सरकार लगातार विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने मुख्तार और उनके परिवार से जुड़े लोगों संपत्ति के अलावा उनके गुर्गों की संपत्ति पर भा बुलडोजर चलाया है। लखनऊ और गाजीपुर समेत उनकी करोड़ों रुपए की संपत्ति अभी तक जब्त की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications