गाजीपुर: गोद लिए 'बेटे' के सिर मुस्लिम पिता ने बांधा सेहरा, हिंदू रीति-रिवाजों से कराई शादी
गाजीपुर: गोद लिए 'बेटे' के सिर मुस्लिम पिता ने बांधा सेहरा, हिंदू रीति-रिवाजों से कराई शादी
गाजीपुर। सामाजिक-धार्मिक सौहार्द का एक ऐसा अनोखा मामला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से सामने आया है, जो इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, एक मुस्लिम पिता ने अपने गोद लिए 'बेटे' की शादी हिंदू रीति रिवाज से संपन्न कराई। हिंदू रीति रिवाज से हुई ये शादी अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। साथ ही, यह उन लोगों के लिए आइना है जो सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने में पीछे नहीं रहते।
Recommended Video

यह मामला गाजीपुर की सेवराई तहसील के बारा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बचपन में ही पप्पू नाम के युवक के सर से 16 साल पहले मां-बाप का साया उठ गया था। उसकी परवरिश करने वाला कोई नहीं था। ऐसे में मोहम्मद शेर खां ने उसे गोद ले लिया और उसकी अच्छी परवरिश भी की। शेर खां के इस निर्णय में उनके घरवालों ने भी साथ दिया और पप्पू की परवरिश में खूब सहयोग किया। इस मुस्लिम परिवार ने पप्पू के अन्य जरूरतों का ध्यान रखने के साथ ही बेहतर तालीम भी दिलवाई।
पप्पू बड़ा हुआ तो उसका घर बसाने के लिए शेर खां ने उसकी शादी भी अतरौलिया गांव के एक हिन्दू परिवार की बेटी से तय कर दी। 22 मार्च को शेर अली ने बेटे पप्पू के सिर पर सेहरा सजाया और गाजे-बाजे के साथ उसकी बारात लेकर गए। इतना ही नहीं, पूरे हिंदी रीति रिवाज से उसकी शादी कराई गई। पप्पू शादी के बाद भी मोहम्मद शेर खां के परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही उनके घर मे ही रहेगा।
हिंदू त्योहार मनाता है शेर खां का परिवार
शेर खां ने पप्पू की परवरिश अपने औलाद की तरह की है। पप्पू को मोहम्मद शेर खां के परिवार के साथ रहते हुए सभी हिन्दू त्योहार मनाने की आजादी थी। यहां तक कि पप्पू के साथ मोहम्मद शेर खां के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी होली, दिवाली, दशहरा आदि त्योहार खूब धूम-धाम से मनाया है। मोहम्मद शेर खां की यह पहल समाज को धर्म के नाम पर बांटने वाले लोगों के लिए एक सबक है। फिलहाल इस शादी की चर्चा खूब है और लोग इसकी तारीफ भी खूब कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications