गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं को डंपर ने कुचला, 8 की मौत, कई घायल
दर्दनाक हादसा: गाजीपुर में एक भीषण सड़क हादसे में महाकुंभ से लौट रहे आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब फोरलेन पर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर गिरे श्रद्धालुओं को कुचल दिया।
शुक्रवार को नंदगंज थाना क्षेत्र के रेवसा गांव के पास फोरलेन पर यह भीषण हादसा हुआ। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालु पिकअप में सवार थे। अचानक पिकअप का डाला खुल गया, जिससे उस पर बैठे श्रद्धालु सड़क पर गिरने लगे।

यात्रियों के नीचे गिरने के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने शोर मचाया, लेकिन डंपर चालक ध्यान नहीं दिया और उन्हें कुचलते हुए निकल गया। लोगों ने पीछा भी किया लेकिन वह डंपर लेकर भाग निकला।
घायलों की हालत नाजुक
इस हादसे में अबतक कुल 8 लोगों की मौत हुई है। जिसमें दो महिला, दो पुरुष और बच्चे शामिल हैं तथा पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बारे में पिकअप पर सवार एक श्रद्धालु ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही एक अन्य वाहन ने उनकी गाड़ी को बाईं तरफ से टक्कर मारी थी, जिससे डाले का लॉक टूट गया। उसके कुछ देर बाद ही हाईवे पर चलते समय डाला खुल गया और श्रद्धालु नीचे गिरने लगे।
गोरखपुर के सभी हैं श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि इस हादसे में मरने वाले सभी श्रद्धालु गोरखपुर जनपद के रहने वाले हैं। सभी लोग महाकुंभ में स्नान करने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचकर हादसे के बारे में जानकारी लिए। इस बारे में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान करने के साथ ही उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। फरार डंपर चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications