UP News: गाजीपुर निवासी प्रख्यात समाजशास्त्री, पूर्व कुलपति का नोएडा में निधन, जिले में शोक की लहर
UP News: गाजीपुर निवासी यश भारती और गाजीपुर गौरव पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात समाजशास्त्री पूर्व कुलपति समाजवादी चिंतक प्रोफेसर सत्यम मित्र दुबे का बीती रात्रि में नोएडा में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद जिले में शोक की लहर है।
प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे की प्रारंभिक पढ़ाई गाजीपुर में ही हुई थी। गाजीपुर से प्रारंभिक पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लखनऊ विश्वविद्यालय चले गए और आगे की पढ़ाई वहीं से पूरी किए। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे गोरखपुर विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र प्राध्यापक और डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर रहे।

असम विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे को यश भारती और गाजीपुर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया था। सत्यामित्र दुबे समाजशास्त्र के अंतरराष्ट्रीय विद्वान रहे। उनकी कई कविताएं और ललित निबंध आदि हिंदी भाषा की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित भी होते रहे।
प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते थे। सपा सरकार में ही प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे को यश भारतीय सम्मान से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा गाजीपुर में आयोजित साहित्य चेतना समाज के 27 वें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में उन्हें गाजीपुर गौरव से नवाजा गया था।
गाजीपुर के लोगों का कहना है कि भले ही कई वर्षों से प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे नोएडा में अपना मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते थे, लेकिन गाजीपुर से उनका गहरा नाता था। लोग बताते हैं कि नोएडा में रहने के दौरान भी वह हमेशा गाजीपुर को याद करते रहे और गाजीपुर के लोगों से जिले के बारे में तथा अन्य जानकारियां भी लेते रहते थे।
प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे के निधन की सूचना मिलने के बाद गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा शोक संवेदना प्रकट की गई। सपा नेताओं द्वारा कहा गया कि गाजीपुर ने आज अपना एक महान सपूत को दिया है। प्रोफेसर सत्यामित्र दुबे के निधन से गाजीपुर को जो क्षति हुई है उसकी भरपाई भविष्य में संभव नहीं है। इसके अलावा गाजीपुर के अन्य लोगों द्वारा भी शोक संवेदना प्रकट किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications