गाजियाबाद: बैचलर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग में दोस्त के सीने में लगी गोली, मौत
गाजियाबाद, 07 जुलाई: यूपी के गाजियाबाद में बैचलर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक के सीने में गोली लग गई। मौके पर मौजूद दोस्त उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोस्त शव को अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। सीओ आलोक दुबे का कहना है कि एक युवक की गोली लगने से मौत हुई है। घटना बैचलर पार्टी के दौरान हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

हर्ष फायरिंग में युवक को लगी गोली
मामला गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सूरज राय मंगलवार रात अपने दोस्त हिमांशु की शादी से एक दिन पहले बैचलर पार्टी में शामिल होने गया था। लाजपत नगर इलाके में बैचलर पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी में सूरज के दोस्त हिमांशु, हरिओम, विक्की, चीकू और अन्य युवक मौजूद थे। खुशी का माहौल था, तभी सूरज के ही किसी दोस्त ने हर्ष फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे सूरज को लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल में शव छोड़कर भाग गए दोस्त
सूरज खून से लथपथ तड़पने लगा। आनन-फानन में दोस्त उसे अस्पताल दर अस्पताल लेकर घूमते रहे। आखिर में वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में वो लोग उसे मृत अवस्था में छोड़ कर भाग गए। सूरज के पिता ने बताया कि मैक्स अस्पताल ने इस घटना की जानकारी साहिबाबाद थाने में दी है, तब पुलिस ने परिजनों को इस घटना के बारे में बताया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। सीओ आलोक दुबे का कहना है कि एक युवक की गोली लगने से मौत हुई है। घटना बैचलर पार्टी के दौरान हुई है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications