महज दस दिन के भीतर पॉलीटेक्निक का पेपर दो बार हुआ लीक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिस तरह से प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं उसने प्रशासन की पोल खोल कर रख दी है। लखनऊ में पॉलीटेक्निक की गणित का पर्चा लीक हो गया। पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है।
प्राविधिक शिक्षा परिषद ने पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। फर्स्ट इयर का एप्लाइट मैथ का पेपर गाजियाबाद में लीक हुआ है। पेपर लीक होने के बाद एडीफाई के प्रिंसिपल व शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें कि यही पेपर 16 मई को होना था लेकिन 13 मई को यह मथुरा से लीक हो गया था।
13 मई को पहले ही पेपर लीक होने की वजह से यह पेपर रद्द हो चुका था। लेकिन दोबारा परीक्षा कराये जाने से पहले भी यह पेपर एक बार फिर से लीक हो गया। लगातार दो बार पेपर लीक होने के बाद प्रदेश सरकार ने प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव सहित 20 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
पेपर लीक होने के बाद विशेष सचिव याद अली को इसकी जांच सौंपी गयी है। इस एक सत्र में पॉलीटेक्निक का पेपर तीन बार लीक हो चुका है। गणित के अलावा फिजिक्स का भी पेपर पहले लीक हो चुका है।
वहीं इस पूरे मामले में प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव एसके सिंह का कहना है कि पेपर लीक नहीं हुआ है बल्कि गलत पैकेट खुल गया है। जिसके चलते पेपर को रद्द किया गया है।