गाजियाबाद में 117 लोग एड्स से संक्रमित, इंजेक्शन से नशा करने वालों में HIV की पुष्टि
गाजियाबाद। कोरोना संकंट के बीच यूपी के गाजियाबाद जिले में इंजेक्शन के जरिये नशा करने वाले 117 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। एचआईवी यानी एड्स से इतने सारे लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि के बाद तहलका मच गया है। इस जिले में वैसे भी इन दिनों कोरोना वायरस के मामले लगातार सामने आ रहे थे। अब एड्स के मरीजों की जानकारी आने से दोहरी मुसीबत बढ़ी हुई लग रही हैं।

दरअसल, बीते गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस पर रिव्यू मीटिंग हुई थी। जिसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंजेक्शन ड्रग यूज (आईडीयू) करने वाले 800 लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी। वहीं, जिला क्षय रोग अधिकारी एवं एचआईवी/एड्स प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉ. जेपी श्रीवास्तव ने कई बातें बताईंं।
डॉ. जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि, ''नेचुरल्स केयर आॅर्गनाइजेशन व एड्स कंट्रोल सोसाइटी संयुक्त रूप से जिले में इंजेक्शन से नशा करने वालों की जांच कर रही हैं। वर्ष 2013 से इस जिले में 800 आईडीयू यूजर्स की स्क्रीनिंग की गई थी, जिनमें से 117 लोग एड्स से संक्रमित पाए गए हैं।' इसके पहले खबर आई थी कि, वर्ष 2018-19 में नशा करने वाले 6 लोग और फिर 2019-20 में 20 लोग एचआईवी पॉजिटिव मिले।

लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले
प्रशासन ने घोषणा की है कि, गाजियाबाद एवं नोएडा में शनिवार से नाइट कर्फ्यू नहीं लगेगा। हालांकि, बीते रोज गाजियाबाद में कोरोना के संक्रमण के 74 मामले सामने आए थे। वहीं, पूरे यूपी में अब तक 77 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। मौतें डेढ़ हजार से ज्यादा हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications