गाजियाबाद:मंदिर में मुस्लिम बच्चे ने पिया पानी तो युवक ने कर दी पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पकड़ा
गाजियाबाद। खबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से है। यहां एक मुस्लिम बच्चे ने मंदिर में पानी पी लिया तो एक युवक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि इस वीडियो को खुद आरोपी ने इन्स्टाग्राम पर शेयर किया था।

Recommended Video
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो गाजियाबाद जिले के डासना इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में डासना में स्थित एक एक देवी मंदिर है। इस मंदिर में पानी पीने के बाद बच्चे से मारपीट का वीडियो सामने आया था, जिस पर गाजियाबाद पुलिस ने एक्शन लिया है। गाजियाबाद पुलिस ने देर रात करीब 2 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गाजियाबाद पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि उपरोक्त वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर टीम गठित कर मार पिटाई करने वाले व्यक्ति श्रृंगी नंदन यादव पुत्र अश्वनी कुमार यादव निवासी गोपालपुर थाना संवारा भागलपुर बिहार को हिरासत में लिया गया एवं मुकदमा पंजीकरण/वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि पुलिस की गिरफ्त में आया युवक कथित तौर पर हिंदू एकता संघ नाम के एक संगठन से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जिस बच्चे की पिटाई की जा रही है उसे भी तलाशा जा रहा है।
हरकत की हो रही है निंदा
ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है और लोग आरोपी की इस हरकत की निंदा कर रहे हैं। बता दें कि वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी नंदन यादव पहले बच्चे से उसका नाम पूछता है। ये बच्चा अपना नाम आसिफ बताता है तो इसके बाद आरोपी सवाल करता है कि मंदिर में क्या करने के लिए गए थे। इस पर बच्चा जवाब देता है है कि मैं पानी पीने के लिए गया था। इसके बाद आरोपी उस बच्चे की बुरी तरह पिटाई करने लगता है।












Click it and Unblock the Notifications