Ghaziabad: 300 का ऑक्सीजन सिलेंडर बेच रहे थे तीन हजार में, पुलिस ने 101 सिलेंडर के साथ दो पकड़े
Ghaziabad: 300 का ऑक्सीजन सिलेंडर बेच रहे थे तीन हजार में, पुलिस ने 101 सिलेंडर के साथ दो पकड़े
Ghaziabad, April 25: कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते कहर के कारण ऑक्सीजन की बड़ी किल्लत हो गई है। जगह-जगह से ऑक्सीजन की किल्लत की खबर सामने आ रही है। तो वहीं, गाजियाबाद जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। गाजियाबाद पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 101 सिलेंडर बरामद हुए है, जिन्में 30 सिलेंडर भरे हुए है। पुलिस की मानें तो पकड़े गए दोनों आरोपी 300 रुपए का ऑक्सीजन सिलेंडर जरूरत मंद लोगों को तीन हजार रूपए में बेच रहे थे।

एसएसपी अमित पाठक ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नगर कोतवाली, नंदग्राम थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले दो आरोपियों को कैलाभट्टा और हिंडन विहार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैला चौक कैला भट्ठा निवासी आकिल सैफी और न्यू प्रेम नगर जस्सीपुरा के निवासी जावेद मलिक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपी के घर से 101 सिलेंडर बरामद किए है, जिन्में 30 सिलेंडर भरे हुए मिले। बाकी सभी सिलेंडर खाली थे।
जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लोग मारे-मारे फिर रहे हैं। अस्पतालों में आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध न होने पर लोग दम तोड़ रहे हैं, लेकिन सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले लोग पैसे के लिए लोगों की जिंदगी से खेल रहे हैं। जिस सिलेंडर की कीमत बाजार में 300 से 500 रुपए है। उस सिलेंडर को आरोपी दो से तीन हजार रुपये तक में बेच रहे थे। बता दें कि क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि कई दिनों से ऑक्सीजन के सिलेंडर की कालाबाजारी की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस की टीमें लगी हुई थीं और लगातार ऐसे लोगों पर नजर रखे हुए थीं कि कहां पर कालाबाजारी और गड़बड़ी हो रही है। सिलिंडर कहां से आ रहे हैं और किन लोगों को किस माध्यम से दिए जा रहे हैं।
शनिवार को पता चला कि कैला भट्ठा स्थित किसी गैस गोदाम से सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। एसएसपी अमितपाठक के निर्देश पर नगर कोतवाल संदीप कुमार सिंह, नंदग्राम कोतवाल नीरज कुमार की टीम के साथ उनकी टीम ने शनिवार की देर शाम कैलाभट्ठा में दबिश दी। यहां पहुंचने पर पता चला कि जो व्यक्ति सिलेंडर बेचता है वह हिंडन विहार स्थित गोदाम पर है। उसके बाद पुलिस की टीमें हिंडन विहार में पहुंची और दबिश दी। वहां से पुलिस ने आरोपी आकिल सैफी को हिरासत में लिया। यहां से 39 सिलिंडर बरामद किए। आकिल पर पुलिस ने दबाव बनाया और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी की। आरोपी ने बताया कि हिंडन विहार में ही जावेद भी यही काम कर रहा है।
उसके बाद पुलिस ने गोदाम पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और गोदाम से 38 सिलिंडर बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर नगर कोतवाली पहुंची। यहां पर सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो आकिल ने बताया कि उसके घर में बने गोदाम में भी 25 सिलेंडर भरे हुए रखे हैं। अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 188/269/270/420 भादवि व 3 महामारी अधि0 व 52/53 आपदा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications