विदेश मंत्रालय का कर्मचारी हुआ Honey Trap का शिकार; G-20 के सीक्रेट डाक्यूमेंट्स ले उडी 'अंजलि'
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बार फिर भारत सरकार के महत्वपूर्ण पद पर तैनात कर्मचारी हनीट्रैप का शिकार हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी विदेश मंत्रालय में तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारी है। उस पर G-20 से जुड़े सीक्रेट डॉक्यूमेंट्स एक महिला मित्र को भेजने का आरोप है। शक है कि महिला ने हनीट्रैप में उसे फंसाकर वॉट्सऐप पर डॉक्यूमेंट्स मंगवा लिए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि महिला पाकिस्तानी जासूस है।
विदेश मंत्रालय में बतौर MTS के पद पर तैनात है नवीन
दरअसल, मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्नल अफेयर्स में एमटीएस के पद पर कार्यरत नवीन पाल क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र के भीम नगर का रहने वाला है। वह 12वीं पास है। नवीन विदेश मंत्रालय में बतौर MTS नौकरी करता है। क्रासिंग रिपब्लिक थाने की पुलिस को सूचना मिली कि नवीन पाल पैसे लेकर कुछ क्लासिफ़ाइड डॉक्यूमेंट अज्ञात सोर्स को शेयर कर रहा था। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार शाम 4 बजे शनि मंदिर के पास से उसे अरेस्ट कर लिया और छानबीन शुरू कर दी।

G-20 से संबंधित सीक्रेट डॉक्यूमेंट्स बेचे
छानबीन में पुलिस को नवीन के पास से ऐपल का एक मोबाइल मिला, जिसके फोटो बैकअप सेक्शन में विदेश मंत्रालय और G-20 से संबंधित डॉक्यूमेंट्स मिले। इन सभी डॉक्यूमेंट्स पर 'सीक्रेट' लिखा था। इसके अलावा कुछ डॉक्यूमेंट्स का स्क्रीनशॉट भी लिया गया था। उसने ये सभी फोटो 'अंजलि कलकत्ता' के नाम से फीड मोबाइल नंबर के वॉट्सऐप पर भेजे थे।

पाकिस्तानी जासूस या ISI एजेंट हो सकती है अंजलि
इसके एलावा पुलिस ने जब नवीन के बैंक अकाउंट की हिस्ट्री खंगाली तो इसमें भी कुछ संदिग्ध लेन-देन मिले। जिससे यह साफ हो गया कि नवीन गोपनीय दस्तावेज भेजने के बदले पैसा ले रहा था। अभी तक इसके बैंक खाते में करीब 85 हजार रुपए आ चुके थे। पुलिस को शक है कि चैटिंग करने वाली कथित अंजली कोलकाता की रहने वाली नहीं है, बल्कि वह पाकिस्तानी जासूस है और ISI से भी जुड़ी हो सकती है।

सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती
वहीं जब अंजलि कलकत्ता नाम से फीड इस नंबर की जांच की गई तो पता चला कि नवीन का महिला से करीब 2 महीने पहले संपर्क हुआ था। उधर नवीन ने भी पुलिस को बताया कि अंजलि नामक युवती से उसकी सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई। फिर एक-दूसरे से नंबर शेयर किए। अंजलि खुद को कलकत्ता की रहने वाली बताती है।

उधर इन तमाम साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नवीन के खिलाफ शासकीय गुप्त अधिनियम 1923 की धारा-3, 5, 9 और IT एक्ट 66F में मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल, मामला गंभीर होने के चलते इंटेलिजेंस ब्यूरो समेत कई सुरक्षा और जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications