गाजियाबाद: मुखर्जी पार्क के पास जली हालत में मिला युवती का शव, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
गाजियाबाद: मुखर्जी पार्क के पास जली हालत में मिला युवती का शव, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
गाजियाबाद, 30 जून: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 साल की युवती को पुलिस बूथ से महज 50 मीटर की दूरी पर जिंदा जला दिया गया। उसका शव श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के पास मिला। युवती का जली हालत में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, शव मिलने की सूचना पर लोहा मंडी पुलिस और कवि नगर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी गाजियाबाद निपुण अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि कवि नगर थाना क्षेत्र के लोहा मंडी चौकी क्षेत्र के मुखर्जी पार्क के पास एक युवती का शव जली हालत में सड़क पर पड़ा है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला की शिनाख्त के लिए डीएनए को सुरक्षित रखा जा रहा है। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और टीमें गठित कर दी गई हैं।
मुखर्जी पार्क के पास की है घटना
यह घटना लोहा मंडी चौकी क्षेत्र के मुखर्जी पार्क की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्क से गुजरते हुए लोगों ने युवती को जला हुआ शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। लोगों की मानें तो युवती के कपड़े भी पूरी तरह से जल चुके थे। शव को देखते ही लग रहा था कि हत्यारे की साजिश का हिस्सा उसकी शिनाख्त न होने देने की कोशिश करना भी है। पुलिस का कहना है कि उसे पेट्रोल जैसे किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है और पेड़ के पास फेंका गया। आसपास जलाए जाने के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ऐसी भी आशंका जता रही है कि युवती का शव किसी वाहन में रखकर यहां लाया गया हो। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। आसपास के लोगों से भी देर रात तक पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। वहीं, पुलिस के बाद फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया। आसपास देखा कि कहीं युवती को किसी बोरे या बैग में रखकर न लाया गया हो, लेकिन ऐसा कुछ नहीं मिला। फील्ड यूनिट ने मौके के फोटो खींचे। वहां महिला के जले हुए कपड़ों के हिस्से मिले। इनके नमूने लिए गए।












Click it and Unblock the Notifications