शरद पवार के दल के MLA गुजरात राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को नहीं, भाजपा को देंगे समर्थन, बताई ये वजह
गांधीनगर. गुजरात में राज्यसभा के लिए 26 मार्च को होने वाले चुनाव से पूर्व गुजरात विधानसभा में एनसीपी के एकमात्र विधायक ने सत्ताधारी बीजेपी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। हालांकि, एनसीपी पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के अलावा राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के साथ गठबंधन में है। ऐसे में उनकी इस घोषणा के बाद सियासी सरगर्मी बढ़ सकती हैं।
पोरबंदर जिले के कुतियाना से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने आज कहा, ''मैंने गृह राज्यमंत्री प्रदीपसिंह जडेजा के साथ एक बैठक की, जिसके बाद मैंने राज्यसभा चुनाव में बीजेपी का समर्थन करने का निर्णय किया है। मैंने यह निर्णय इसलिए लिया, क्योंकि मुझे उम्मीद है कि मैं अपने क्षेत्र में गुजरात सरकार की मदद से लंबित कार्यों को पूरा करा पाऊंगा।'

प्रदीपसिंह जडेजा ने कहा कि एनसीपी विधायक के समर्थन से उम्मीद है कि बीजेपी राज्यसभा की तीन सीटें जीत लेगी। बता दें कि, इससे पहले एनसीपी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शंकरसिंह वाघेला ने दावा किया था कि, वह कांग्रेस का समर्थन करेंगे। क्योंकि, हम राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं। एनसीपी और कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन में हैं। इसलिए हम अपनी पार्टी के विधायक को कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का निर्देश देंगे।
गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 73 सदस्य थे। पांच विधायकों के इस्तीफे के बाद अब उसके सदस्यों की संख्या कम होकर 68 रह गई है। उसने अपने विधायकों को जयपुर भेज दिया है ताकि उन्हें खरीद-फरोख्त से बचाया जा सके। इधर, बीजेपी गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों में से तीन सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है। एनसीपी विधायक के फैसले पर गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावडा ने कहा कि, पार्टी आलाकमान इस घटनाक्रम को लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उनकी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ संपर्क में है।












Click it and Unblock the Notifications