इस राज्य में भाजपा के 16 सांसदों की संपत्ति 150% तक बढ़ी, 2 महिलाएं भी शामिल
Gujarat News, गांधीनगर। लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के उम्मीदवारों की संपत्ति की बात करें तो गुजरात में 16 ऐसे सांसद हैं, जिनकी संपत्ति में 150% तक का उछाल आया है। संपत्ति में यह वृद्धि बीते 5 साल में हुई है। उम्मीदवारों के हाल ही पेश किए गए हलफनामे से यह खुलासा हुआ है। बता दें कि वर्ष 2014 में भाजपा के 14 सांसदों की संपत्ति 40 करोड़ रुपये थी, जो 2019 में बढ़कर 98 करोड़ रुपये हो गई है।

16 सांसदों की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी
भाजपा के 16 सांसदों की कुल संपत्ति 128.16 करोड़ रुपये थी, जो पांच साल में बढ़कर 134.54 करोड़ हो गई। इतना ही नहीं, भाजपा के दो सांसदों-सीआर पाटिल और केसी पटेल की संपत्ति में कटौती पाई गयी है। कुल मिलाकर, भाजपा में फिर से चुनाव लड़ रहे 16 सांसदों की संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जब गुजरात में राज्यसभा का चुनाव लड़ा, तब उनकी संपत्ति 1.90 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 19 करोड़ हो गई है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि वंशानुगत संपत्ति को जोड़ने के कारण उनकी संपत्ति में वृद्धि हुई है।

यह हैं सबसे अमीर उम्मीदवार
वैसे, गुजरात में सबसे अमीर उम्मीदवार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं, बल्कि मेहसाणा कांग्रेस के उम्मीदवार एजे पटेल हैं, जिनकी संपत्ति 55.38 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। दूसरे स्थान पर नवसारी भाजपा के उम्मीदवार सीआर पाटिल है, जिनकी संपत्ति 45.43 करोड़ रुपये है। गुजरात में तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार भाजपा के जामनगर की पूनम माडम हैं। उनकी कुल संपत्ति 39.27 करोड़ है। चौथे नंबर पर मेहसाणा से बीजेपी उम्मीदवार शारदाबेन पटेल आ रही हैं। उनके पास 39 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

भाजपा की उम्मीदवार गीता राठवा के पास 6 लाख रुपये
छोटा उदयपुर से भाजपा की उम्मीदवार गीता राठवा के पास 6 लाख रुपये की संपत्ति है। पाटण के कांग्रेस उम्मीदवार जगदीश ठाकोर के पास 7.62 लाख रुपये की संपत्ति है। भाजपा के कच्छ के उम्मीदवार नरेश माहेश्वरी के पास 14.47 लाख रुपये की संपत्ति है। कांग्रेस के पंचमहल उम्मीदवार के वीके खांट के पास 17.30 लाख की संपत्ति है। भरूच के कांग्रेस उम्मीदवार शेरखान पठान के पास 33.42 लाख रुपये की संपत्ति है।
गुजरात: लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़ी सभी जानकारी यहां पढ़ें