मार्च खत्म होने से पहले ही लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी भाजपा? गुजरात में बनी रणनीति
Gujarat News in hindi, गांधीनगर। लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल करने के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की तीसरी बैठक दिल्ली में हो रही है। माना जा रहा है कि इसके बाद भाजपा पहली लिस्ट जारी कर देगी। इस बीच, सूत्रों ने कहा है कि 25 मार्च तक पार्टी गुजरात के लिए 26 उम्मीदवारों के नाम केंद्रीय चुनाव समिति को सौंप देगी। इसके बाद 28 मार्च को सभी उम्मीदवारों की घोषणा होगी। प्रदेश इकाई ने 5 या 7 सीटों के लिहाज से उम्मीदवारों के लिये 3 नामों के पैनल बनाए हैं।

गुजरात भाजपा की राज्य कार्यकारिणी समिति ने अपने लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और अन्य सभी पदाधिकारियों के नेतृत्व में एक विस्तृत बैठक की। वाघाणी ने कहा, "हमने सभी 26 सीटों के लिए विस्तृत अभियान योजना और 43-दिवसीय अभियान पर चर्चा की। सभी 26 पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है। वे सोमवार से अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में काम करना शुरू करेंगे।"

बकौल वाघाणी, "उम्मीदवार चयन प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। पर्यवेक्षकों के इनपुट के बाद, सभी सीटों के लिए नामों को केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। राज्य इकाई ने विस्तृत बूथ योजनाएं तैयार की हैं और उनके सभी पृष्ठ प्रधान काम करना शुरू कर चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की चुनाव अभियान योजनाएं और अन्य केंद्रीय और राज्य के नेताओं की घोषणा जल्द ही की जाएगी। पार्टी एक बार फिर सभी 26 सीटें जीतने के लिए तैयार है।"

बता दें कि, गुजरात में 23 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 4 अप्रैल है।
पढ़ें: बनारस के मुकाबले मोदी के लिए महंगी पड़ी थी वडोदरा लोकसभा सीट, आयोग ने बताया- कितना आया खर्च












Click it and Unblock the Notifications